PM MODI ने 28,344 किसानों के खाते में 62.84 करोड़ की राशि डीबीटी के माध्यम से की जारी, जानिए कहां और क्यों
PM MODI UK NEWS: उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती समारोह के अवसर पर देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत राज्य के 28,000 से अधिक किसानों के बैंक खातों में ₹62 करोड़ से अधिक की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से जारी की।
इस पहल से राज्य के किसानों को प्राकृतिक आपदाओं एवं फसल क्षति से सुरक्षा का लाभ प्राप्त होगा। कृषि मंत्री गणेश जोशी ने उनका आभार व्यक्त किया। कृषि मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव उनके इस आगमन और प्रदेश के किसानों के प्रति संवेदनशीलता से स्पष्ट झलकता है।

उन्होंने कहा कि आज राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा भारत सरकार के पोर्टल डिजिक्लेम मॉड्यूल के माध्यम से रबी 2024-25 मौसम के अंतर्गत एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कम्पनी (AIC) के सहयोग से बीमित कृषकों की फसलों के सापेक्ष 28,344 कृषकों को ₹62.84 करोड़ का क्लेम भुगतान किया गया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किसानों के कल्याण हेतु निरंतर कार्य हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत वर्ष 2016 से अब तक ₹1,146.43 करोड़ का क्लेम वितरित कर 6,25,161 कृषकों को लाभान्वित किया जा चुका है।
कृषि मंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर किसानों की आय दोगुनी करने के लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रयासरत हैं और यह बीमा भुगतान किसानों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता का प्रमाण है। कार्यक्रम में पीएम मोदी ने उत्तराखंड डाक परिमंडल द्वारा राज्य के प्रमुख तीर्थ स्थलों एवं सांस्कृतिक प्रतीकों पर आधारित विशेष डाक टिकट श्रृंखला का विमोचन किया। इस विशेष डाक टिकट श्रृंखला के माध्यम से देवभूमि उत्तराखंड की धार्मिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक धरोहर को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान प्रदान की गई है।
देहरादून स्थित एफआरआई परिसर में आयोजित समारोह के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उत्तराखंड की विकास यात्रा को साकार करने वाले विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिभागियों से संवाद किया। संवाद में स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ, युवा नवाचारक, पर्यटन और एडवेंचर स्पोर्ट्स से जुड़े उद्यमी तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थी शामिल रहे। इन प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार राज्य सरकार की योजनाओं, बेहतर संपर्क एवं बुनियादी ढाँचे और नवाचार को प्रोत्साहन ने उनके जीवन और आजीविका को परिवर्तित किया।












Click it and Unblock the Notifications