Uttarakhand: हर श्रमिक को एक लाख, रैट माइनिंग टीम को 50-50 हजार, परिजनों को दिवाली मनाने का CM धामी का न्यौता
सिल्क्यारा टनल से बाहर आने के बाद अब केंद्र और राज्य सरकार श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण पर विशेष ध्यान दे रही है। इस बीच श्रमिकों को पहले प्रारंभिक जांच के लिए उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। इसके बाद एम्स ऋषिकेश अस्पताल में कम से कम 72 घंटे मेडिकल ऑब्जर्वेशन में रखा जा रहा है।

चिन्यालीसौड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज सुबह टनल में फंसे रहे श्रमिकों का हाल जाना। मुख्यमंत्री ने टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिकों को 1 लाख की रुपए की प्रोत्साहन राशि भेंट की।
सीएम धामी ने रेस्क्यू ऑपरेशन के अंतिम दौर में पाइप पुशिंग के लिए रैट माइनिंग तकनीक से मैन्युअल खुदाई करने वाले श्रमिकों को भी 50-50 हज़ार की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री धामी ने अस्पताल में भर्ती प्रत्येक श्रमिक से उनका कुशलक्षेम जाना। उन्होंने डॉक्टरों से श्रमिकों के स्वास्थ लाभ, चिकित्सा उपचार के बारे में जानकारी ली। धामी ने रेस्क्यू किए गए श्रमिकों में से टनकपुर, चंपावत के पुष्कर की माता से मोबाइल पर बात कर, पुष्कर के बारे में जानकारी दी और कहा कि सभी श्रमिकों को कुशल बचाकर राज्य सरकार ने अपना वचन निभाया है।
मुख्यमंत्री ने पुष्कर की माता को बताया कि पुष्कर के साथ ही सभी श्रमिक सुरक्षित हैं। जल्द ही हायर सेंटर में जांच करवाने के बाद पुष्कर सहित अन्य श्रमिकों को उनके घर भेज दिया जाएगा। धामी ने रेस्क्यू किए गए श्रमिकों के परिजनों से भी मुलाकात की। उन्होंने श्रमिकों के साहस, मनोबल और परिजनों के धैर्य के साथ ही रेस्क्यू अभियान में शामिल सभी एजेंसियों व कार्मिकों की अनथक मेहनत को इस अभियान की सफलता का आधार बताया।
धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुरंग में फंसे श्रमिकों को सकुशल बाहर निकालने के अभियान पर निरंतर नजर रखे हुए थे और वह श्रमिकों की कुशलता को लेकर हमेशा चिंतित रहते थे प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में श्रमिकों के अनमोल जीवन को बचाने की सरकार की वचनवद्धता और परिजनों के साथ ही जनता द्वारा जताए गए अटूट विश्वास ने इस बेहद जटिल , चुनौतीपूर्ण और जोखिम भरे बचाव अभियान को कामयाब बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
सीएम ने कहा कि सुरंग हादसे के चलते हम सब इस बार दीपावली नही मना पाए थे, अब सभी श्रमिको को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिए जाने के बाद आज दिवाली का जश्न मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के परिजनों को देहरादून मुख्यमंत्री आवास में दिवाली मनाने के लिए आमंत्रण भी दिया।












Click it and Unblock the Notifications