UK न बिहार चुनाव का जिक्र, न राजनीतिक बयान, सिर्फ उत्तराखंड की चर्चा, 2027 के लिए जानिए क्या है मोदी का संदेश
UK PM MODI NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उत्तराखंड रजत जयंती समारोह में शामिल हुए तो मार्गदर्शक की भूमिका में नजर आए। एक तरफ जहां पूरे देश में बिहार चुनाव की चर्चा है, तो पीएम मोदी ने देहरादून से सिर्फ उत्तराखंड को संदेश दिया। पीएम ने रजत जयंती समारोह कार्यक्रम को सियासी मंच नहीं बनाया।
विपक्ष के आरोपों और नकारात्मक सवालों जैसे वोट चोरी आदि के भी मोदी ने देहरादून से जबाव न देकर एक बड़ा संदेश देने की कोशिश की है। रजत जयंती उत्सव को पीएम ने देवभूमि के सकारात्मक दिशा की ओर बढ़ते कदमों की तरफ बताया।

मोदी ने 25 साल के अब तक के सफर और उपलब्धियों को गिनाया, इसके साथ ही आगे का रोडमैप भी रखा। पीएम मोदी ने अपने आधे घंटे के भाषण में प्रदेश के हर मजबूत पक्ष को सामने रखा। साथ ही हर उस सेक्टर का जिक्र किया जो प्रदेश के विकास में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरुरी
मोदी ने अपने भाषण में ये भी बताने की कोशिश की कि प्रदेश के विकास के लिए डबल इंजन की सरकार जरुरी है। साथ ही आगे भी प्रदेश सरकार के साथ कदम से कदम मिलाने की बात की। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि 25 साल पहले केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी सरकार ने, जिन उम्मीदों, आकांक्षाओं के बीच उत्तराखंड राज्य का निर्माण किया आज वो सभी सपने पूरे हो रहे हैं।
उत्तराखंड के उत्कर्ष का कालखंड चल रहा
उन्होंने उत्तराखंड से अपने लगाव को व्यक्त करते हुए कहा कि, जब वो अपनी आध्यात्मिक यात्रा पर यहां आते थे तो पहाड़ों पर रहने वाले भाई -बहनों का संघर्ष और परिश्रम उन्हें प्रेरित करता था, यहां बिताए दिनों ने उन्हें उत्तराखंड की सामर्थ से परिचय कराया। इसी भरोसे के साथ उन्होंने बाबा केदार के दर्शन के बाद कहा था कि ये दशक उत्तराखंड का होगा। अब उनका ये भरोसा और भी दृढ़ हो गया है कि इस वक्त उत्तराखंड के उत्कर्ष का कालखंड चल रहा है।
आज, तस्वीर पूरी तरह बदली हुई
मोदी ने कहा कि 25 साल पहले, जब नया-नया उत्तराखंड बना था तो उस वक्त कई चुनौतियां थी, राज्य के संसाधन सीमित थे, बजट भी छोटा था, आय के स्रोत भी कम थे। तब ज्यादातर जरूरतें केंद्रीय सहायता से पूरी होती थीं। लेकिन आज, तस्वीर पूरी तरह बदली हुई है।
जहां चाह-वहां राह के मूल मंत्र
उन्होंने कहा कि 25 साल पहले उत्तरखंड का बजट सिर्फ 04 हजार करोड़ रुपए था, जो आज बढ़कर एक लाख करोड़ के पार चला गया है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने गत 25 वर्षों में विकास की लंबी यात्रा तय की है, लेकिन अब राज्य को अगले 25 वर्ष का रोडमैप तय करना है। इसके लिए राज्य को जहां चाह-वहां राह के मूल मंत्र अपनाना होगा।
भाजपा सरकार ने मजबूत संकल्प के साथ बाधाओं को दूर किया
उन्होंने कहा कि अब तक की विकास यात्रा में कई रुकावटें आई, लेकिन भाजपा सरकार ने मजबूत संकल्प के साथ इन बाधाओं को दूर किया। प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में चल रही सरकार की प्रशंसा करते हुए कहा कि सरकार ने यूसीसी को गंभीरता से लागू करते हुए, दूसरे राज्यों के लिए भी मिसाल प्रस्तुत की है। इसी तरह राज्य सरकार ने धर्मांतरण विरोधी, दंगा नियंत्रण कानून से भी राष्ट्रहित को लेकर साहसिक नीति अपनाई है।
भारत सरकार यात्रा में हमेशा उत्तराखंड सरकार के साथ खड़ी
उन्होंने प्रदेशवासियों से अपेक्षा व्यक्त करते हुए कहा कि, देश जब देश आजादी का 100 साल मानएगा, तब उत्तराखंड किस ऊंचाई पर होगा, हमें यह रास्ता चुनना है। इसलिए इंतजार किए बिना, हमें अपने रास्ते पर चल पड़ना होगा, भारत सरकार इस यात्रा में हमेशा उत्तराखंड सरकार के साथ खड़ी रहेगी।
2027 के चुनाव के लिए भाजपा का जीत का मंत्र
मोदी ने अपने आधे घंटे भाषण में सिर्फ उत्तराखंड के विकास पर जोर दिया। साथ ही डबल इंजन सरकार के रोडमैप को भी केंद्रित किया। मोदी ने मंच से एकजुटता का संदेश भी दिया। मोदी ने वेडिंग, फिल्म डेस्टिनेशन संभावनाओं के साथ ही टूरिज्म, कृषि, संस्कृति, धर्म, मेले और वोकल फॉर लोकल आदि मंत्र पर सबका ध्यान खींचा। जो कि 2027 के चुनाव के लिए भाजपा का जीत का मंत्र साबित हो सकता है।
भाजपा एक जुट होकर 2027 के चुनाव में नजर आएगी
रजत जयंती कार्यक्रम में पीएम मोदी के साथ मंच पर सभी दिग्गजों को जगह दी गई। भाजपा के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों और सांसदों को भी मोदी के साथ मंच पर जगह मिली। साफ है कि भाजपा इस कार्यक्रम के जरिए ये संदेश देने में कायमाब रही कि आने वाले समय में भाजपा एक जुट होकर 2027 के चुनाव में नजर आएगी। मोदी ने धामी सरकार के कामकाज की भी जमकर तारीफ कर आने वाले समय के लिए बड़ा संकेत दिया है।












Click it and Unblock the Notifications