Nainital News वन्यजीवों के हमलों पर प्रशासन सतर्क, यहां तीन दिन की स्कूलों में फिर से छुट्टी, जानिए कहां
Nainital News नैनीताल जिले में वन्यजीवों के हमले प्रशासन के लिए चुनौती बनते जा रहे हैं। वन्यजीव संघर्ष से दहशत का माहौल बना हुआ है। वन्यजीवों के हमलों से शिक्षा पर भी असर पड़ रहा है। जिला प्रशासन ने फिर से 3 विकासखंडों में 19 से 21 जनवरी तक स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
बता दें कि कुछ समय पहले धारी क्षेत्र में वन्यजीव ने दो महिलाओं को अपना निवाला बनाया था। नैनीताल जिले में वन्यजीवों के हमलों से लोग डरे हुए हैं। गांवों में लोग अपने खेतों में नहीं जा रहे हैं, साथ ही शाम ढलते ही बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। दिन में ही स्कूली बच्चे स्कूल जाने से घबरा रहे हैं।

पहाड़ों में स्कूल काफी दूर दराज क्षेत्रों में है। ऐसे में जिला प्रशासन ने स्कूली छात्रों की सुरक्षा को देखते हुए कुछ विकासखंडों के आंगनबाड़ी और 12वीं तक के स्कूलों 3 दिन का अवकाश घोषित किया है। नैनीताल जिले में लगातार सामने आ रही मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने एक बार फिर स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 3 दिन का अवकाश घोषित किया है।
प्रशासन ने धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ विकासखंड के अंतर्गत आने वाले सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी विद्यालयों में 1 से 12 तक और आंगनबाड़ी केंद्रों में 19 से 21 जनवरी तक अवकाश घोषित किया है। जिलाधिकारी कार्यालय से जारी आदेश के मुताबिक, धारी, ओखलकांडा और रामगढ़ विकासखंड में सभी स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्र 19 जनवरी से 21 जनवरी तक पूरी तरह से बंद रहेंगे।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि हाल के दिनों में इन इलाकों में जंगली जानवरों की आवाजाही बढ़ी है, जिससे बच्चों के स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों तक आने-जाने के दौरान किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका बनी हुई है। वन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी संबंधित क्षेत्रों में 24 घंटे सतत निगरानी बनाए रखें।
जंगली जानवरों की गतिविधियों पर नजर रखने के साथ ग्रामीण इलाकों में गश्त बढ़ाने और संवेदनशील क्षेत्रों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। डीएम ललित मोहन रयाल ने मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी (बाल विकास) और खंड शिक्षा अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।












Click it and Unblock the Notifications