बागेश्वर उपचुनाव के जीत के मायने, सीएम-संगठन परीक्षा में पास, लोकसभा चुनाव के लिए मंथन जरुरी
बागेश्वर उपुचनाव जीतकर धामी सरकार और प्रदेश संगठन की हाईकमान ने पीठ थपथपाई है। जिसके बाद अब पार्टी लोकसभा चुनाव में जुटेगी। इस चुनाव में बागेश्वर ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के अब तक के कामकाज पर भी मुहर लगाई है।
बागेश्वर उपुचनाव जीतकर धामी सरकार और प्रदेश संगठन की हाईकमान ने पीठ थपथपाई है। जिसके बाद अब पार्टी लोकसभा चुनाव में जुटेगी। इस चुनाव में बागेश्वर ने सीएम पुष्कर सिंह धामी के अब तक के कामकाज पर भी मुहर लगाई है। हालांकि बागेश्वर में चंपावत का रिकॉर्ड तोड़ने में भाजपा कामयाब नहीं हो पाई है। चंपावत में सीएम 93 फीसदी वोट लेकर आए थे। जिससे आने वाले समय में भाजपा जीत के बाद भी इस चुनाव को लेकर मंथन जरुर करेगी।

बागेश्वर उपचुनाव में धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और रेखा आर्य ने बड़ी जिम्मेदारी निभाते हुए पूरे चुनाव की कमान शुरूआत से संभाले रखे। इसके साथ ही शुरूआत और प्रचार के अंतिम दिन में सीएम धामी ने भी पूरे चुनाव को अपने पक्ष में करने में अहम भूमिका निभाई। संगठन ने बागेश्वर में माइक्रो मैनेजमेंट कार्यक्रम के तहत प्रचार किया। इस पूरे चुनाव में भाजपा ने मेहनत भी की, लेकिन परिणाम को रिकॉर्ड में नहीं बदल पाए।
बागेश्वर उपचुनाव में भाजपा की प्रत्याशी पार्वती दास को 33247 जबकि कांग्रेस के बसंत कुमार को 30842 वोट मिले। इस तरह भाजपा 2405 वोटों के अंतर से चुनाव जीती। बागेश्वर की जनता ने नोटा का भी जमकर प्रयोग किया है। 1257 लोगों ने नोटा दबाया। भाजपा बागेश्वर मेंं बड़े अंतर से क्यों नहीं जीत पाई। इस पर मंथन करना जरुरी है। इसके लिए संगठन की ओर से कमी रह गई या फिर कांग्रेस के प्रत्याशी बंसत कुमार की स्थानीय पकड़ ज्यादा मजबूत रही। इस बात का जवाब अभी भाजपा को तलाशना होगा। जिससे लोकसभा चुनाव तक उस पर सही तरह से काम हो सके।
बागेश्वर उपचुनाव की जीत को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने धामी सरकार की विकास नीति और स्वर्गीय राम दास के अमिट योगदान के प्रति श्रद्धांजलि बताया। साथ ही कहा कि कम मतदान के बावजूद पार्टी ने विगत चुनावों से अधिक वोट हासिल करने के साथ अधिकांश राउंड में आगे रहते हुए 61 फीसदी बूथों पर बढ़त बनाई है। भट्ट ने कहा, बागेश्वर उपचुनाव चुनाव के अधिकांश आंकड़े भी हमारे पक्ष में रहे हैं।
विगत चुनावों के 32211 के मुकाबले इस बार पार्टी ने अधिक मत, 33247 हासिल किए हैं जबकि लगभग 7 फीसदी कम वोटिंग भी हुई है। साथ ही पोस्टल बैलेट समेत कुल 15 राउंड में से 13 राउंड में हमारे उम्मीदवार ने जीत दर्ज की है । इसी तरह कुल 188 बूथों में से 115 यानी लगभग 61 फीसदी पर भाजपा उम्मीदवार ने बढ़त बनाई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा, बागेश्वर में लगातार पांचवी जीत के साथ, जनता के आर्शीवाद से हम आगामी लोकसभा की सभी पांचों सीटों और निकाय चुनावों में भी जीत का अनवरत अभियान यूं ही जारी रखेंगे।












Click it and Unblock the Notifications