मायावती और आकाश आनंद के लिए सबसे बड़ी परीक्षा साबित होगा ये उपचुनाव, यहां हाथी का रहा है दबदबा
उत्तराखंड की मंगलौर सीट पर हो रहे विधानसभा उपचुनाव के लिए बहुजन समाज पार्टी ने स्टार प्रचारकों की लिस्ट जारी की है। जिसमें मायावती के साथ ही भतीजे आकाश आनंद को भी जगह दी गई है।
मंगलौर सीट पर बहुजन समाज पार्टी का दबदबा रहा है। ऐसे में बसपा के लिए ये चुनाव करो या मरो वाली स्थिति में माना जा रहा है। लोकसभा चुनाव में जिस तरह का निराशाजनक प्रदर्शन पार्टी ने किया उसके बाद उपचुनाव बसपा के लिए संजीवनी साबित हो सकता है।

मंगलौर विधानसभा सीट पर 10 जुलाई को उपचुनाव है। बसपा ने मंगलौर विधानसभा सीट के पूर्व विधायक दिवंगत हाजी सरवत करीम अंसारी के बेटे उबेदुर्रहमान को प्रत्याशी बनाया है।
10 जुलाई को उत्तराखंड की दो विधानसभा सीटों मंगलौर व बद्रीनाथ सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर बहुजन समाज पार्टी ने 13 स्टार प्रचारकों की सूची जारी की दी है। सूची में पार्टी की ओर से मायावती के भतीजे आकाश आनंद का नाम भी शामिल है।
आकाश आनंद को लोकसभा चुनाव के दौरान पार्टी के सभी पदों से हटा दिया गया था। मायावती ने आकाश आनंद को सभी पदों से मुक्त कर दिया था जबकि कुछ महीने पहले ही उन्होंने आकाश को अपना उत्तराधिकारी घोषित किया था। जिस वक्त आकाश को हटाया गया, उस समय आकाश पार्टी के नेशनल कोऑर्डिनेटर के पद पर थे। अब चुनाव से पहले आकाश की फिर से वापसी हुई है। लोकसभा चुनाव में आकाश आनंद बसपा के लिए प्रचार कर चुके हैं। अब उपचुनाव में भी वे प्रचार करने आएंगे।
मंगलौर सीट से बसपा के सरवत करीम अंसारी विधायक थे। उनके निधन के बाद ही ये सीट खाली हुई है। इस बार बसपा ने सरवत करीम अंसारी के बेटे उबेदुर्रहमान को टिकट दिया है। अब तक हुए पांच विधानसभा चुनावों में चार बार बसपा ने ही जीत दर्ज की। ऐसे में अब बसपा के लिए इस सीट को बचाने की चुनौती है।












Click it and Unblock the Notifications