उत्तराखंड: भारी बारिश और बादल फटने से तबाही, 6 पुलिया ढही, 6 गौशाले नष्ट
गोपेश्वर। उत्तराखंड के चमोली जिले के गैरसैंण विकास खंड के गाजियाबाद के पत्थर कटा में सोमवार की रात को भारी वर्षा व बादल फटने के कारण भारी तबाही हुई है। यहां छह पैदल पुलिया, छह गौशाला व स्कूल का किचन व सुरक्षा दीवार के साथ ही ग्रामीणों की काश्तकारी की भूमि नष्ट हो गई है। घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंचकर नुकसान का जायजा ले रही है। हालांकि कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।

आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि सोमवार की रात्रि करीब तीन बजे के आसपास पत्थरकटा में बहने वाले नाले में उपरी क्षेत्र में भारी वर्षा व बादल फटने के कारण छह पैदल पुलिया बह गई। वहीं ग्रामीणों की छह गौशालाएं भी इसकी चपेट में आने से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। साथ ही पत्थर कटा के प्राथमिक विद्यालय का किचन व सुरक्षा दीवार भी ढह गई है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों की काश्तकारी की भूमि के बहने की भी सूचना मिली है। घटना की जानकारी मिलते ही गैरसैण से राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई है जो क्षेत्र में हुए नुकसान का जायजा ले रही है।

बदरीनाथ हाइवे में मलबे में दबी बस
मंगलवार को बदरीनाथ हाइवे पर लामबगड़ में पहाड़ी से मलवा आने से बदरीनाथ धाम की यात्रा कर लौट रही तीर्थयात्रियों की एक बस मलबे में दब गई। हादसे में पांच यात्रियों की मरने की आशंका जतायी जा रही है। वाहन में 13 लोग सवार थे। जिसमें से पांच लोगों को निकालकर पाडुकेश्वर में प्राथमिक उपचार के लिए लाया गया है। जबकि आठ लोग अभी वाहन में ही फंसे हुए है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच कर वाहन में फंसे लोगों को निकालने का प्रयास कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications