Exclusive पूर्व प्रदेश अध्यक्ष,विधायक प्रीतम सिंह: विधानसभा की तरह हरिद्वार के अंदर चौंकाने वाले होंगे परिणाम
Exclusive News उत्तराखंड में पांचों लोकसभा सीटों पर 19 अप्रैल को पहले चरण में वोट डाले जाएंगे। कांग्रेस ने पांचों सीटों पर अपनी जीत के लिए पूरा जोर लगा दिया है। कांग्रेस के स्टार प्रचारक पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष रहे वर्तमान में विधायक प्रीतम सिंह भी कांग्रेस को जिताने के लिए प्रचार में जुटे हैं।

प्रीतम सिंह टिहरी लोकसभा सीट से आते हैं। हालांकि वे हरिद्वार सीट पर भी पूर्व सीएम हरीश रावत के बेटे वीरेंद्र रावत के लिए वोट मांग रहे हैं। वन इंडिया ने प्रीतम सिंह से पांचों लोकसभा सीटों के समीकरण और कांग्रेस की चुनावी रणनीति को लेकर बात की है।
उत्तराखंड की पांचों लोकसभा सीटों पर प्रचार और जीत को लेकर प्रीतम सिंह ने कहा कि उत्तराखंड राज्य की पांचों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस मजबूती के साथ चुनाव लड़ रही है। निश्चित ही हम पांचों सीटों पर जीत हासिल करेंगे। जहां तक हरिद्वार सीट की बात है तो हरिद्वार में भी कांग्रेस जीत रही है। विधानसभा चुनाव में हम हरिद्वार के अंदर भाजपा को शिकस्त दे चुके हैं। लोकसभा में भी भाजपा को हराएंगे।
कांग्रेस के धर्मपुर से विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री दिनेश अग्रवाल के कांग्रेस छोड़ने और भाजपा ज्वाइन करने को लेकर प्रीतम ने कहा कि अग्रवाल जी कांग्रेस के वरिष्ठतम नेताओं में से एक नेता रहे। अब उनका मन परिवर्तन हुआ है, वो भाजपा में चले गए। लेकिन कांग्रेस का एक- एक साथी पूरी मजबूती के साथ धर्मपुर विधानसभा के अंदर मजबूती देगा साथ ही जिताने का काम करेगा।
पीएम मोदी की 11 अप्रैल को ऋषिकेश में होने वाली जनसभा व रैली को लेकर प्रीतम ने कहा कि भाजपा के स्टार प्रचारक और पीएम मोदी उत्तराखंड आएंगे। चुनाव में अपनी बात कहेंगे। अब लोग भाजपा के चाल चरित्र चेहरे को पहचान चुके हैं। अब लोग बदलाव के लिए वोट करेंगे। प्रीतम सिंह ने कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के मैदान में उतरने को लेकर कहा कि जल्द ही राहुल गांधी, प्रियंका गाधी व राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे प्रचार के लिए उत्तराखंड में आएंगे।












Click it and Unblock the Notifications