Lok sabha election 2024: दुर्गम मतदान केंद्रों के लिए 12 पोलिंग टीमें रवाना, उत्तराखंड से लगी सीमाएं सील
19 अप्रैल को पहले चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव 2024 के मतदान के लिए मतदान टीमें रवाना होनी शुरू हो गयी हैं। उत्तराखंड के दुर्गम मतदान केंद्रों के लिए 12 पोलिंग टीमें आज रवाना हो गई हैं। पिथौरागढ़ के एक व उत्तरकाशी जिले के ग्यारह सबसे दूरस्थ बूथों के लिए टीमें रवाना हो गई हैं।

टीम में मतदान कार्मिक, सुरक्षा कर्मी, फोटोग्राफर, सेक्टर मजिस्ट्रेट और एक जोनल मजिस्ट्रेट शामिल हैं। वहीं पिथौरागढ़ जिले की सीमा नेपाल और चीन के कब्जे वाली तिब्बत से लगती हैं इसको भी आज सील कर दिया गया है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ बीवीआरसी पुरूषोत्तम ने बताया कि 12 पोलिंग टीमें आज जनपदों से रवाना हो गई हैं। उन्होंने बताया कि 700 पोलिंग पार्टियां कल 17 अप्रैल को रवाना होंगी।
इसके साथ ही 18 अप्रैल को बाकी सभी लगभग 11 हजार पोलिंग टीमें रवाना हो जायेगीं। राज्य में शांतिपूर्ण व सुरक्षित मतदान के लिए 65 कंपनी पैरामलेट्री फोर्स की तैनाती की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत के निर्वाचन आयोग ने अपने विशेष निगरानी और छापा अभियान में नकदी, शराब, ड्रग्स और मुफ्त सामान जब्त कर नया रिकार्ड बनाया है।
चुनाव प्रचार में धनबल को रोकने के लिए चुनाव आयोग ने विशेष निगरानी और छापा अभियान में उत्तराखंड से साढ़े 22 करोड़ रुपये की नकदी, शराब, ड्रग्स और कीमती धातु जब्त की। 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान बरामद राशि की तुलना में यह तीन गुना से भी अधिक है। एक तरह से इस बार नकदी जब्त करने के मामले में पिछले सभी रिकार्ड टूट गए हैं।
चुनाव आयोग ने इसके लिए सभी पांचों लोकसभा सीटों पर प्रवर्तन टीमें, निगरानी दलों की तैनाती की हैं। नई दिल्ली में चुनाव आयोग की ओर से पहले चरण के चुनाव के संबंध में जब्त की गई राशि के राज्य वार आंकड़े जारी किए हैं। मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तराखंड डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने बताया कि इस बार हमने ज्यादा टीमें बनाईं। आम जनता, कई विभाग, आयकर, आयकर का खुफिया निगरानी विभाग, कस्टम, आबकारी, स्थानीय पुलिस, अर्धसैनिक बलों के अधिकारियों के परस्पर समन्वय और सहयोग से हम सख्ती के साथ कार्रवाई की।












Click it and Unblock the Notifications