नेता प्रतिपक्ष के बेटे और पूर्व विधायक पर एक युवक ने किया धारदार हथियार से हमला, हरदा ने कह दी बड़ी बात
नेता प्रतिपक्ष के बेटे और पूर्व विधायक संजीव आर्य पर हमला
देहरादून, 15 अप्रैल। नैनीताल के बेतालघाट में एक कार्यक्रम के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के बेटे और पूर्व विधायक संजीव आर्य पर एक युवक ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। वहां मौजूद लोगों ने समय रहते युवक को पकड़ लिया। आरोपी युवक के परिजनों का दावा है कि वह मानसिक रूप से कमजोर है और उसका इलाज चल रहा है। संजीव आर्य ने आरोपी पर कोई कार्रवाई न करने की अपील की, लेकिन देर शाम पुलिस ने आरोपी युवक पर मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। नेता प्रतिपक्ष के बेटे पर हुए हमले को लेकर अब राजनीति भी शुरू हो गई है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने इसे गंभीर मामला बताया है। बता दें कि नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य के काफिले पर भी हमला हो चुका है।

पूर्व विधायक के हाथ में मामूली खरोंच
प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार को भीमराव अंबेडकर की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया गया था। पूर्व विधायक संजीव आर्य मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे थे। कार्यक्रम के दौरान एक युवक ने धारधार हथियार से संजीव आर्य पर हमला कर दिया। इस बीच वहां मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ लिया। पूर्व विधायक के हाथ में मामूली खरोंच आई है। इस बीच आरोपी के परिजनों ने माफी मांगते हुए आरोपी की मानसिक स्थिति सही नहीं होने की बात की है। जिसके बाद पूर्व विधायक ने कार्रवाई से इनकार कर दिया। हालांकि बाद में आयोजक समिति ने पुलिस को तहरीर दी। जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पिता पुत्र के काफिले पर हो चुका है हमला
इससे पूर्व दिसंबर में कांग्रेस कार्यकर्ता सम्मेलन में शामिल होने बाजपुर जा रहे पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य और उनके बेटे पूर्व विधायक संजीव आर्य के काफिले पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया था। पूर्व जिला पंचायत सदस्य समेत कुछ कार्यकर्ता आर्य के विरोध में काले झंडों के साथ धरना दे रहे थे। उसी दौरान लाठी डंडों से हुए हमले में कांग्रेस के करीब 7-8 कार्यकर्ता चोटिल हो गए। इस दौरान आर्य और उनके बेटे को कोतवाली पहुंचाया गया। जिसके बाद आरोपियों पर मुकदमा दर्ज किया गया।
हरीश रावत ने सीएम से हस्तक्षेप की करी मांग
संजीव आर्य पर हुए हमले के बाद एक बार फिर राजनीति शुरू हो गई है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने मुख्यमंत्री से खुद मामले को लेकर हस्तक्षेप कर पुलिस प्रशासन को आवश्यक निर्देश देने की मांग की है। हरीश रावत ने कहा है कि
नैनीताल के पूर्व विधायक संजीव आर्य पर घातक हमला और हमलावर के पास घातक प्रहार करने वाला औजार पाये जाने के समाचार के बाद मैं बहुत चिंतित हूं। सार्वजनिक जीवन के लोगों की सुरक्षा, राज्य का दायित्व है। मैं काशीपुर में चुनाव से पहले खुद इस प्रकार के घातक हमले का शिकार होते-होते बचा हूं। बाजपुर में यशपाल आर्य पर भी घातक हमला हो चुका है। राज्य में राजनीतिक विरोधियों के प्रति असहिष्णुता का वातावरण व रवैया चिंताजनक है।












Click it and Unblock the Notifications