जानिए फिर चर्चा में क्यों आए गुप्ता बंधु, यूपी- उत्तराखंड से लेकर साउथ अफ्रीका तक फैला चुके हैं अपना साम्राज्य
उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश से लेकर साउथ अफ्रीका तक फेमस उद्योगपति गुप्ता बंधु फिर से चर्चा में है। गुप्ता बंधु इस बार सलाखों के पीछे पहुंच गए हैं।
बिल्डर सतेंद्र सिंह साहनी के सुसाइड केस में पुलिस ने गुप्ता बंधु को गिरफ्तार किया है। बिल्डर साहनी ने अपने सुसाइड नोट में गुप्ता बंधुओं का जिक्र किया था।

आरोप है कि अनिल गुप्ता व अजय कुमार गुप्ता ने बिल्डर को प्रताडित कर उसके विरूद्ध झूठी शिकायतें देकर जेल भेजने की धमकी देकर अपनी कम्पनियां उनके नाम पर करने का दबाव बनाया।
दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा के वर्ष 2018 में तख्तापलट के बाद सहारनपुर निवासी गुप्ता बंधु सुर्खियों में आए थे। साल 2018 में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति जैकब जुमा पर भ्रष्टाचार के कई गंभीर आरोप लगे थे। जुमा से करीबी होने के चलते गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका में सीधे निशाने पर आ गए थे।
तब गिरफ्तारी से बचने के लिए गुप्ता बंधु अफ्रीका छोड़कर देहरादून शिफ्ट हो गए थे। बताया गया कि दक्षिण अफ्रीका में अस्थिरता के आरोपों के बाद गिरफ्तारी से बचने के लिए गुप्ता बंधु तब वहां से भाग कर देहरादून लौट आए थे। जिनकी देहरादून के अलावा हरिद्वार में कई स्थानों पर संपत्तियां है। गुप्ता बंधुओं के नाम और प्रभाव सियासत में हमेशा सुर्खियों में रहा है।
गुप्ता बंधु उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के रहने वाले हैं। बताया जाता है कि शुरुआत में इन्होंने दिल्ली में मसालों का काम किया। 1993 में गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका पहुंच गए।
यहां उन्होंने जूतों से लेकर कंप्यूटर, खनन से लेकर गाड़ियों का बिजनेस शुरू किया। एक समय गुप्ता बंधु दक्षिण अफ्रीका के सबसे ताकतवर लोगों में शुमार हो गए। 2018 में जब जैकब ज़ुमा की सरकार गिरी तब गुप्ता बंधु वहां से भाग गए। गुप्ता बंधु 2019 में फिर शादी को लेकर चर्चा में आए।
उनके बेटों की उत्तराखंड के औली में ये हाईप्रोफाइल शादी हुई, जिसमें पानी की तरह पैसा बहाया गया। बताया जाता है कि करीब 200 करोड़ रुपए इस शादी में खर्च हुए।












Click it and Unblock the Notifications