Kedartal Avalanche में मरने वाले 6 लोग कौन थे? 4000 मीटर की ऊंचाई पर 7 दिन बर्फ में दबी Lucknow की 2 बहनें
Kedartal Avalanche: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में केदारताल ट्रेक पर गया एक दल भारी बर्फबारी और हिमस्खलन की चपेट में आ गया। इस हादसे में लापता हुए 8 लोगों में से अब तक 6 के शव बरामद किए जा चुके हैं। बुधवार, 4 नवंबर, को सर्च ऑपरेशन के दौरान मिले शवों में लखनऊ की दो सगी बहनें वर्तिका वर्मा (28) और दीपिका वर्मा (29) भी शामिल हैं।
दोनों बहनों को पहाड़ों पर घूमने और ट्रेकिंग का बेहद शौक था। वे भारत और नेपाल के कई मुश्किल ट्रेक पूरे कर चुकी थीं। करीब 2 महीने पहले ही वे फूलों की घाटी और हेमकुंड साहिब की यात्रा से लौटी थीं। लेकिन केदारताल की यह यात्रा उनकी आखिरी यात्रा साबित हुई। इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

परिजनों का आरोप है कि खराब मौसम की जानकारी के बावजूद ट्रेकिंग कराई गई और हादसे के बाद उन्हें समय पर सूचना तक नहीं दी गई। आखिर कैसे 12 लोगों का ट्रेकिंग दल बर्फीले पहाड़ों में फंस गया? कौन थीं वर्तिका और दीपिका और कैसे चला सात दिनों तक रेस्क्यू ऑपरेशन? आइए समझते हैं पूरी घटना...
Who Was Vartika and Deepika Verma: कौन थीं वर्तिका और दीपिका वर्मा?
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गायत्रीपुरम की रहने वाली वर्तिका वर्मा और दीपिका वर्मा सगी बहनें थीं। दोनों को पहाड़ों और ट्रेकिंग से खास लगाव था। वे भारत के साथ नेपाल में भी कई ट्रेकिंग अभियान पूरे कर चुकी थीं। वर्तिका 28 साल की थीं और फ्रीलांस इन्फ्लुएंसर के तौर पर काम करती थीं। वहीं, 29 वर्षीय दीपिका एक निजी कंपनी में ग्राफिक डिजाइनर थीं।
परिवार के मुताबिक, दोनों बहनें करीब दो महीने पहले ही उत्तराखंड के फूलों की घाटी और हेमकुंड साहिब की यात्रा करके लौटी थीं। इससे पहले उन्होंने अपने भाई अतुल और दोस्तों के साथ उत्तरकाशी के मोरी क्षेत्र में केदारकांठा ट्रेक भी पूरा किया था। यानी पहाड़ों का रास्ता उनके लिए नया नहीं था। इसके बावजूद केदारताल में मौसम ने ऐसा करवट बदला कि दोनों को बचाया नहीं जा सका।
कैसे बर्फ में फंस गईं दोनों बहनें?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वर्तिका और दीपिका 27 अक्टूबर को सात अन्य ट्रेकर्स और पांच सपोर्ट स्टाफ सदस्यों के साथ गंगोत्री से केदारताल के लिए रवाना हुई थीं। इस तरह पूरे दल में 12 लोग शामिल थे। तीन दिन के इस ट्रेक के बाद सभी को 29 अक्टूबर को वापस लौटना था।
लेकिन इसी दौरान मौसम खराब हो गया। इलाके में भारी बर्फबारी शुरू हुई और कई जगह हिमस्खलन की घटनाएं हुईं। इसके कारण ट्रेक का रास्ता बाधित हो गया और दल के आठ सदस्य बीच रास्ते में फंस गए। 30 अक्टूबर को दल के कुछ सदस्यों ने ट्रेकिंग एजेंसी से संपर्क करके कच्ची ढांग के पास फंसे होने की जानकारी दी और मदद मांगी। इसके बाद प्रशासन और बचाव दलों ने रेस्क्यू अभियान शुरू किया। 31 अक्टूबर को सपोर्ट स्टाफ के चार सदस्यों को सुरक्षित निकाल लिया गया। बाकी आठ लोगों की तलाश जारी रही।
7 दिनों तक बर्फ में दबी रहीं लखनऊ की दोनों बहनें
रेस्क्यू टीमों के सामने सबसे बड़ी चुनौती खराब मौसम, ऊंचाई और लगातार बर्फबारी थी। हिमस्खलन प्रभावित इलाके में आगे बढ़ना आसान नहीं था। कई बार पैदल और हवाई तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन लापता लोगों का पता नहीं चल सका। 3 नवंबर को करीब 4,000 मीटर की ऊंचाई पर बचाव दल को टेंट और कुछ सामान मिला। इसी दौरान 2 शव भी बरामद किए गए।
इसके बाद 4 नवंबर को तलाशी अभियान के दौरान तीन और शव मिले। दोपहर के बाद एक और शव बरामद हुआ। इनमें लखनऊ की दोनों बहनें वर्तिका और दीपिका भी शामिल थीं। इस तरह हादसे में लापता हुए 8 लोगों में से छह की मौत की पुष्टि हो चुकी है। दोनों बहनों के शव करीब 7 दिन बाद बर्फ से ढके इलाके में मिले।
परिवार को हादसे की खबर कैसे मिली?
इस हादसे को लेकर वर्मा परिवार ने ट्रेकिंग एजेंसी की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें हादसे की जानकारी एजेंसी की ओर से समय पर नहीं दी गई। सोशल मीडिया पर खबर देखने के बाद वर्तिका और दीपिका के भाई अतुल वर्मा अन्य परिजनों के साथ उत्तरकाशी पहुंचे और दोनों की तलाश में जुट गए।
परिवार का आरोप है कि खराब मौसम की परिस्थितियों के बावजूद ट्रेकिंग अभियान जारी रखा गया। उनका कहना है कि अगर समय रहते जानकारी दी जाती तो वे पहले ही प्रशासन से संपर्क कर सकते थे।

केदारताल ट्रेक इतना चुनौतीपूर्ण क्यों माना जाता है?
केदारताल उत्तरकाशी जिले में गंगोत्री क्षेत्र के पास स्थित एक प्रसिद्ध हिमालयी झील है। यह ट्रेक अपनी प्राकृतिक सुंदरता के साथ-साथ कठिन रास्तों और ऊंचाई के लिए भी जाना जाता है। इस ट्रेक में चट्टानी रास्ते, खड़ी चढ़ाई, ग्लेशियर और मौसम में अचानक बदलाव जैसी चुनौतियां आती हैं। अक्टूबर के आखिरी दिनों में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की आशंका भी रहती है।
ऐसे में ट्रेक पर जाने से पहले मौसम की स्थिति, प्रशासन की अनुमति, गाइड और सपोर्ट टीम की व्यवस्था तथा आपातकालीन बचाव योजना का ध्यान रखना जरूरी है।


Click it and Unblock the Notifications
