Kedarnath dham: हेली सर्विस से यात्रा के लिए करना होगा लंबा इंतजार,जानिए कब के लिए हो रही टिकट बुकिंग
Kedarnath heli service: चार धाम यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह है। 10 मई से शुरू होने जा रही केदारनाथ यात्रा के लिए हेली सर्विस की बुकिंग भी शुरू हो गई है। लेकिन बुकिंग शुरू होते ही 10 मई से 20 जून तक के सभी टिकट बुक हो गए।

अब मानसून सीजन को छोड़कर उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण ने सितंबर-अक्तूबर की हेली सेवाओं की बुकिंग विंडो खोल दी है। मानसून सीजन को लेकर बाद में फैसला होगा। महाराष्ट्र समेत प्रदेश भर के कई राज्यों से श्रद्धालु केदारनाथ बुकिंग को लेकर उत्साहित नजर आ रहे हैं।
बीते शनिवार को सुबह जैसे ही केदारनाथ हेली सेवाओं की बुकिंग आईआरसीटीसी की वेबसाइट के माध्यम से शुरू हुई तो जबरदस्त उत्साह नजर आया। शाम करीब पांच बजे तक 10 मई से लेकर 20 जून तक के सभी हेली टिकट बुक हो गए। 20 जून से लेकर जुलाई व अगस्त में हेली सेवा ऑपरेटर कम रहते हैं। इस अवधि की हेली बुकिंग अभी नहीं की जा रही है।
15 सितंबर से 31 अक्तूबर की अवधि की हेली बुकिंग भी खोल दी गई है। 1904 बुकिंग के साथ महाराष्ट्र पहले स्थान पर है। उत्तर प्रदेश की 878, गुजरात की 847, कर्नाटक की 841, उत्तराखंड की 837, दिल्ली की 793, तेलंगाना की 679, मध्य प्रदेश की 437, आंध्र प्रदेश की 405, पश्चिम बंगाल की 391, राजस्थान की 328, हरियाणा की 251, अरुणाचल प्रदेश की 238 बुकिंग हुई है।
ओडिशा की 219, तमिलनाडु की 185, छत्तीसगढ़ की 177, बिहार की 111, पंजाब की 109, झारखंड की 96, हिमाचल प्रदेश की 41, जम्मू कश्मीर की 41, केरल की 27, चंडीगढ़ की 22, गोवा की 16, असम की 10, दादर नगर हवेली व दमन और दीव की चार, त्रिपुरा की चार, अंडमान, लद्दाख, लक्षद्वीप, मेघालय, पुडुचेरी, सिक्किम की दो-दो, मणिपुर की एक और अंतरराष्ट्रीय स्तर से आठ बुकिंग हुई है।
किराया
- गुप्तकाशी से केदारनाथ-8,126 रुपये
- फाटा से केदारनाथ-5,774 रुपये
- सिरसी से केदारनाथ-5,772 रुपये
यहां से हेली सेवा का टिकट बुकिंग : https://www.heliyatra.irctc.co.in/












Click it and Unblock the Notifications