Kedarnath Dham: भक्तों में भारी उत्साह, पहली बार स्वर्ण मंडित गर्भगृह में बाबा केदार के दर्शन और भी बहुत खास
बाबा केदार के दर्शन सबसे खास होने जा रहा है। श्रद्धालुओं को पहली बार स्वर्ण मंडित गर्भगृह में बाबा केदार के दर्शन होंगे। गर्भगृह की दीवारों पर चांदी की जगह सोने की परत चढ़ाई गई है।

चारधाम यात्रा को लेकर इस बार श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। पंजीकरण खुलते ही आंकड़ा एक लाख पार हो गया है। जबकि कपाट खुलने में अभी दो माह का समय बचा है। इन सबके बीच सबसे ज्यादा उत्साह केदारनाथ धाम को लेकर नजर आ रहा है। सबसे ज्यादा भक्त केदारबाबा के दर्शन के लिए रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। केदारनाथ के लिए सवा 1 लाख में से करीब 70 हजार रजिस्ट्रेशन हो चुके हैं।

स्वर्ण मंडित गर्भगृह में बाबा केदार के दर्शन होंगे
इस बार बाबा केदार के दर्शन सबसे खास होने जा रहा है। श्रद्धालुओं को पहली बार स्वर्ण मंडित गर्भगृह में बाबा केदार के दर्शन होंगे। गर्भगृह की दीवारों पर चांदी की जगह सोने की परत चढ़ाई गई है। इसके साथ ही केदारनाथ मंदिर में सोने का कलश स्थापित किया जाएगा। जिसके लिए मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।

केदारनाथ धाम की यात्रा 25 अप्रैल से शुरू
केदारनाथ धाम की यात्रा 25 अप्रैल से शुरू हो रही है। इसके लिए बद्री केदार मंदिर समिति ने तैयारियां शुरू कर दी है। पिछले साल 27 अक्तूबर 2022 को कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए थे। कपाट बंद होने से कुछ दिन पहले बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति ने गर्भगृह की दीवारों पर चांदी की जगह सोने की परत चढ़ाई थी। साथ ही विशेष लाइटें भी लगाई गई हैं जिससे स्वर्ण मंडित गर्भगृह की आभा और चमकेगी। अब केदारनाथ मंदिर पर लगे चांदी का कलश इस बार यात्रा सीजन में ही सोने का कलश स्थापित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।

बर्फ को साफ करने का कार्य जोरों पर
इस बीच केदारनाथ यात्रा के लिए गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर बर्फ को साफ करने का कार्य जोरों पर चल रहा है। कार्यदायी संस्था जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण-लोनिवि द्वारा बर्फ साफ करने के लिए तीन टीमें गठित की गईं हैं। दावा है कि मार्च पहले सप्ताह तक बर्फ साफ करते हुए केदारनाथ तक रास्ता खोल दिया जाएगा। इसके बाद केदारनाथ में मंदिर मार्ग, मंदिर परिसर सहित पुनर्निर्माण कार्य स्थलों में जमा बर्फ को प्राथमिकता से साफ किया जाएगा। 25 मार्च तक गौरीकुंड से केदारनाथ तक पैदल मार्ग पर सभी कार्य पूरे कर आवाजाही के लिए खोल दिया जाएगा। इस यात्रा सीजन में रोपवे का निर्माण कार्य भी शुरू हो रहा है। जिसमें पहले चरण में गौरीकुंड से केदारनाथ तक 9 किमी रोपवे बनाया जाएगा।

चार विकल्प दिए गए
चारधाम यात्रा के लिए इस बार चार विकल्प दिए गए हैं।
यात्री https://registrationandtouristcare.uk.gov.in पर जाकर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। व्हाट्सऐप द्वारा रजिस्ट्रेशन कराने के लिए +91 8394833833 नंबर पर 'Yatra' टाइप कर भेजना होगा। इन हेल्पलाइन नंबरों में चार धाम टोल फ्री नं. 1364 तथा 0135-1364 (अन्य राज्यों के लिए), चार धाम कंट्रोल रूम नं. 0135-2559898, 2552627, आपदा प्रबंधन नं. 0135-276066, 1070 (टोल फ्री) आदि नंबरों पर कॉल करके आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है।

स्थानीय और बाहरी सभी यात्रियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य
यात्रा के लिए वेबसाइट, फोन कॉल, व्हाट्सऐप और मोबाइल ऐप के जरिए अपना पंजीकरण करा सकते हैं। अब तक वेबसाइट के जरिए 92,397 श्रद्धालुओं का पंजीकरण किया गया वहीं मोबाइल ऐप और व्हाट्सएप के जरिए क्रमश: 14,910 और 7,246 श्रद्धालु पंजीकृत किए गए।इस बार चारधाम यात्रा के लिए सभी स्थानीय और बाहरी सभी यात्रियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण अनिवार्य किया गया है। इस बार मंदिर परिसर में फोन पर भी प्रतिबंध लगाया जा सकता है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications