Kailash Vijayvargiya: कैलाश विजयवर्गीय का 4 दिवसीय उत्तराखंड प्रवास, सरकार से लेकर संगठन में तेज हुई हलचल
BJP कैलाश विजयवर्गीय का 4 दिन का उत्तराखंड दौरा
Kailash Vijayvargiya भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय का 4 दिवसीय उत्तराखंड प्रवास शुरू हो गया है। कैलाश विजयवर्गीय के उत्तराखंड दौरे को लेकर प्रदेश संगठन में हलचल तेज है। जिसको लेकर हर कोई सियासी मायने तलाशने में जुटे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय के उत्तराखंड दौरे से धामी मंत्रिमंडल में बदलाव और विस्तार, संगठन के विस्तार और दायित्वधारियों को लेकर लिए जाने वाले फैसलों को लेकर भी सुगबुगाहट तेज हो गई है। पार्टी इस दौरे को लोकसभा 2024 के चुनाव से भी जोड़कर देख रही है।

2024 के लोकसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन पदाधिकारियों को दिशा निर्देश देंगे
भाजपा के प्रमुख रणनीतिकारों में से एक कैलाश विजयवर्गीय 4 दिन के उत्तराखंड दौरे पर हैं। अपने चार दिवसीय दौरे में वह संगठन से पूरे प्रदेश के राजनीति और बीते दिनों में हुए घटनाक्रम का फीडबैक लेंगे। इसके साथ ही 2024 के लोकसभा चुनाव की दृष्टि से संगठन पदाधिकारियों को दिशा निर्देश देंगे। विजयवर्गीय की मुख्यमंत्री, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष, पार्टी सांसदों व विधायकों, त्रिस्तरीय पंचायतों व शहरी निकायों के प्रतिनिधियों के साथ अलग-अलग बैठकें होंगी। 15 अक्तूबर को वह बूथ व मंडल स्तर के पदाधिकारियों की बैठक लेंगे। उनका रात्रि प्रवास हरिद्वार में होगा। वहां उनका प्रमुख संतों से मिलने का कार्यक्रम है। 16 अक्तूबर को देहरादून आएंगे। वह पार्टी कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष, प्रदेश महामंत्री संगठन से सांगठनिक मुद्दों पर चर्चा करेंगे। पार्टी के मीडिया व सोशल मीडिया पदाधिकारियों से भी उनका संवाद होगा। इस दिन मुख्यमंत्री से मुलाकात का कार्यक्रम है। रात्रि प्रवास से पहले वह पार्टी कार्यकर्ता के घर भोजन करेंगे। 17 अक्तूबर को मेयर, जिला पंचायत अध्यक्षों, ब्लॉक प्रमुखों, सहकारी समिति व अन्य जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। इसी दिन वह पत्रकार वार्ता भी करेंगे जिसके बाद सांसदों से मुलाकात के बाद वह दिल्ली रवाना होंगे।
कैलाश विजयवर्गीय भाजपा के प्रमुख रणनीतिकारों में से एक
कैलाश विजयवर्गीय भाजपा के प्रमुख रणनीतिकारों में से एक हैं। जिस तरह से बीते लंबे समय से सरकार और संगठन में बदलाव और विस्तार के चर्चे हैं। ऐसे में विजयवर्गीय का ये दौरा काफी अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि कैलाश विजयवर्गीय उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रदेश के सभी अहम नेताओं से मुलाकात करेंगे और कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने का काम करेंगे। इस दौरान संगठन विस्तार और सरकार के अंदर नए चेहरों की एंट्री को लेकर भी विचार किया जा सकता है। यूकेएसएसएससी पेपर लीक विवाद में जिस तरह भाजपा के कई नेताओं के नाम सामने आए इसके बाद विधानसभा बैकडोर भर्ती में कैबिनेट मंत्री से लेकर पूरी सरकार की इमेज पर भी सवाल खड़े हुए उसके बाद धामी मंत्रिमंडल में बदलाव और नए चेहरों को लेकर सुगबुगाहट तेज हुई। इसके बाद सीएम धामी की देहरादून से लेकर दिल्ली तक दौड़ भी लगी। माना गया कि जल्द ही सरकार में बदलाव होगा। लेकिन फिलहाल ये मामला ठंडा पड़ा हुआ है। इस बीच अंकिता हत्याकांड से भी प्रदेश के सियासी घटनाक्रम तेजी से बदला। जिससे भाजपा सरकार पर काफी असर पड़ा है। अब एक बार फिर कैलाश विजयवर्गीय के उत्तराखंड प्रवास से इन सभी मसलों को हवा मिल गई है। इसके साथ ही भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट की नई टीम का विस्तार और धामी सरकार के दायित्वधारियों को लेकर भी चर्चा तेज है।












Click it and Unblock the Notifications