J P NADDA ने आदि कैलाश और ओम पर्वत के किए दर्शन, गुंजी गांव में सेना के जवानों का बढ़ाया हौंसला,जानिए क्या कहा
J P NADDA visited Adi Kailash Om Parvat केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण और रसायन एवं उर्वरक मंत्री जेपी नड्डा अपने आदि कैलाश ओम पर्वत के दर्शन किए। इससे पूर्व नड्डा आज पहले देहरादून पहुंचे जहां से वे पिथौरागढ़ के गुंजी गांव के लिए रवाना हुए। जहां स्थानीय लोगों द्वारा रंग संस्कृति की पगड़ी पहनाकर पारंपरिक ढंग से उनका स्वागत किया गया।
इसके बाद नड्डा आर्मी गेस्ट हाउस पहुंचें, जहां उन्होंने सेना, आई.टी.बी.पी तथा एस.एस.बी के जवानों से मुलाकात कर सीमा क्षेत्र की सुरक्षा के लिए तैनात हथियारों व उपकरणों की जानकारी ली। उन्होंने यहां तैनात भारतीय सेना, एसएसबी, आईटीबीपी के वीर जवानों से मुलाकात की।

इसके बाद उन्होंने जवानों के साथ बातचीत की और दुर्गम परिस्थितियों में भी देश की सीमाओं की रक्षा करने के उनके अदम्य साहस और समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि पूरा देश इन वीर जवानों के त्याग और बलिदान का सम्मान करता है और उनकी कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व करता है। जवानों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि, आप सभी देश की सुरक्षा के प्रहरी हैं।
आपकी वीरता और निष्ठा के कारण ही देशवासी सुरक्षित महसूस करते हैं। मैं व्यक्तिगत रूप से और पूरे देश की ओर से आपको ऑपरेशन सिंदूर की सफलता हेतु आपको आपकी उत्कृष्ट सेवा के लिए धन्यवाद देता हूं। उन्होंने जवानों को सरकार की ओर से हर संभव सहायता और समर्थन का आश्वासन दिया। श्री नड्डा ने इस दौरान नाबी गांव के लोगों को भी संबोधित किया।
जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी ने जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित वाइब्रेंट विलेज के अंतर्गत गतिमान योजनाओं एवं प्रस्तावित कार्यक्रमों की पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से जानकारी दी। उन्होंने जिले के सभी विकासखंडों के अंतर्गत आने वाले वाइब्रेट विलेज की जानकारी देते हुए ,पर्यटन विभाग द्वारा जनपद में पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु चलाई जा रही योजनाओं एवं आदि कैलाश, ओम पर्वत यात्रा के लिए व्यवस्थाओं की जानकारी भी दी। स्वदेश दर्शन 2.0 योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों की जानकारी , पीएमजीएसवाई धारचूला एवं मुनस्यारी द्वारा प्रस्तावित सड़क मार्गों स्थानीय उत्पादों से रोजगार की उपलब्धता के विषय में भी नड्डा को जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि आईटीबीपी और क्षेत्रीय पशुपालकों को सहयोग प्रदान करने हेतु एक महत्वपूर्ण पहल राज्य सरकार एवं आईटीबीपी में मध्य शुरू की गयी है। इस योजना के अर्न्तगत पिथौरागढ़ जिले में आईटीबीपी को ताजा, उच्च गुणवत्ता वाली पोल्ट्री एवं MOH (goat meat or sheep meat) की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इस योजना में सहकारी समितियां और किसान उत्पादक संगठन आईटीबीपी को खाद्य पदार्थ की आपूर्ति में शामिल है।
इसके बाद जे पी नड्डा द्वारा पवित्र आदि कैलाश क्षेत्र के दर्शन कर आदि कैलाश एवं पार्वती कुंड के निकट विराजमान भगवान शिव के मंदिर में पहुंचकर पूर्ण विधि-विधान से भगवान शिव की आराधना की और देश वासियों की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली के लिए प्रार्थना की। उन्होंने क्षेत्र की प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व की प्रशंसा करते हुए इसे अद्वितीय बताया।
प्रधानमंत्री मोदी की आदि कैलाश यात्रा ने इस क्षेत्र की आध्यात्मिक महत्ता को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उजागर करने के साथ ही साहसिक और आध्यात्मिक पर्यटन के एक महत्वपूर्ण गंतव्य के रूप में इस क्षेत्र की पहचान को भी मजबूत किया है। इसके परिणामस्वरूप, पिछले कुछ वर्षों में आदि कैलाश और इसके आसपास के क्षेत्रों में आने वाले पर्यटकों और भक्तों की संख्या में कई गुना वृद्धि हुई है, इसके पश्चात् उन्होंने ज्योलिंगकांग स्थित त्रिशूल के समीप मंदिर के दर्शन किए एवं यहां सेना के जवानों के साथ वार्ता कर उनका हौसला बढ़ाया।












Click it and Unblock the Notifications