International Yoga Day 2024: बदरीनाथ, केदारनाथ समेत चारों धाम में बही योग की धारा,आम से खास सब बने योगी
International Yoga Day 2024: योग दिवस पर उत्तराखंड के चारों धामों में योग कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया गया। इस बीच मंदिर के तीर्थ पुरोहितों के साथ ही श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।
चारों धाम के साथ पूरे प्रदेश भर में सरकार के मंत्री, अधिकारी समेत आम से खास सभी ने योगा किया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर भगवान बदरी विशाल के धाम बदरीनाथ धाम में योग की धारा बही। यहां आइटीबीपी के जवानों ने योग किया।

इस दौरान धाम में दर्शन करने आए तीर्थयात्रियों ने योग किया। केदारनाथ धाम में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर यात्री, स्थानीय, व्यापारी व तीर्थ पुरोहित ने योग किया। गंगोत्री धाम में पंडा समाज ने योग कार्यक्रम का आयोजन किया और गंगा घाट पर विशेष पूजा अर्चना की गई।
जिला आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी देहरादून की ओर से परेड ग्राउंड में योग कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, निवर्तमान महापौर सुनील उनियाल गामा, राजपुर रोड विधायक खजानदास के साथ अधिकारी व कर्मचारियों ने योगाभ्यास किया। पौड़ी में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर रांसी स्टेडियम में कैबिनेट मंत्री डा धन सिंह, आयुक्त गढ़वाल विनय शंकर पांडेय ने योग किया।
देहरादून के परेड ग्राउंड में भाजपा की ओर से योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। भाजपा कार्यकर्ताओं समेत विभिन्न संगठन से जुड़े लोग व छात्र छात्राएं यहां पहुंचे। आचार्य विपिन जोशी ने योग के विभिन्न आसान व प्राणायाम करवाए। इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, उत्तराखंड संस्कृति साहित्य एवं कला परिषद की उपाध्यक्ष मधु भट्ट, भाजपा महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल आदि मौजूद रहे।
दसवें अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर समस्त राज्य एवं जनपद देहरादून में अलग-अलग स्थानों पर कार्यक्रम आयेाजित किए गए। इस वर्ष इस वर्ष की थीम 'योग स्वयम् तथा समाज के लिए है' योग जहां स्वयं को मानसिक शारिरिक तथा आत्मिक रूप से बल देता है वहीं समाज को एकत्व के भाव का बोध कराता है।
देहरादून में आयुष विभाग द्वारा बहुउद्देशीय भवन परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम का प्रभारी मंत्री देहरादून सुबोध उनियाल ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में "स्वयं और समाज के लिए योग" थीम के तहत एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उत्तराखण्ड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य, प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा एवं बड़ी संख्या में स्पोर्ट्स कॉलेज के छात्रों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने भाग लिया।












Click it and Unblock the Notifications