Igas:उत्तराखंड में रही इगास की धूम, सीएम धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र और दून डीएम सोनिका ने खेला भेलो
उत्तराखंड का लोकपर्व इगास धूमधाम से मनाया गया
उत्तराखंड का लोकपर्व इगास धूमधाम से मनाया गया। प्रदेशभर में इगास पर लोगों ने जमकर पहाड़ी व्यंजनों का लुत्फ उठाया और भेलो खेलकर स्थानीय वाद्य यंत्र के साथ जमकर थिरके। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और देहरादून डीएम सोनिका ने भी इगास पर्व पर भेलो खेला और लोकनृत्य के साथ पहाड़ी व्यंजन का आनंद लिया।

Recommended Video

मुख्यमंत्री भैलो खेलने के साथ लोकनृत्य में भी शामिल हुए
इगास पर्व पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की पहल पर प्रदेशभर में सभी संस्थाओं एवं संगठनों के साथ आम जनता ने इस पर्व में अपनी भागीदारी निभायी। मुख्यमंत्री धामी ने सभी को इगास की बधाई देते हुए अपनी लोक संस्कृति एवं लोक परम्पराओं को आगे बढ़ाने में सहयोगी बनने की अपील की। इगास के मौके पर मुख्यमंत्री आवास में भी लोकगीत, लोकनृत्य एवं लोक संस्कृति के साथ लोक परम्पराओं के जीवन्तता की झलक देखने को मिली। मुख्यमंत्री स्वयं भैलो पूजन कर, भैलो खेलने के साथ लोक कलाकारों के साथ लोकनृत्य में भी शामिल हुए।

देश में सांस्कृतिक विरासत और गौरव की पुनर्स्थापना हो रही
इस अवसर पर मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण देश में सांस्कृतिक विरासत और गौरव की पुनर्स्थापना हो रही है। उसी तरह उत्तराखण्डवासी अपने लोकपर्व इगास को आज बड़े उत्साह से मना रहे हैं। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी,प्रेमचंद अग्रवाल, रेखा आर्या, सुबोध उनियाल, सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमेश पोखरियाल निशंक, नरेश बंसल, विधायक उमेश शर्मा काऊ, सविता कपूर, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवाड़ी सहित अन्य सम्मानितजन उपस्थित रहे।

पहली बार पहाड़ों की रानी मसूरी में इगास पर्व धूमधाम से मनाया
मसूरी, नगर प्रशासन एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से पहली बार पहाड़ों की रानी मसूरी में सार्वजनिक इगास पर्व धूमधाम से मनाया गया। इस मौके पर जिलाधिकारी सोनिका ने बतौर मुख्य अतिथि के रुप में शिरकत कर उपस्थित लोगों के साथ नृत्य करते हुएए जनपद वासियों, पर्यटक एवं सभी लोगों को इगासबग्वाल की शुभकामनाएँ दी। साथ ही उन्होंने पहाड़ी व्यंजन का लुफ्त उठाया। इगास पर्व के आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को पुष्पगुच्छ एवं पहाड़ी टोपी पहना कर स्वागत अभिनंदन किया।

सांस्कृतिक विरासत से जोडने के लिए इस तरह के आयोजन जरूरी
जिलाधिकारी ने सभी को इगास पर्व की बधाई दी व कहा कि मसूरी में पहली बार इगास पर्व का आयोजन किया गया है। जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पहाड़ी व्यंजन, खाने भी परोसा जा रहा है, पर्यटक भी इस पर्व का आनंद ले रहे हैं। पर्यटकों को इस पर्व के बारे में बताया भी जा रहा है। उन्होंने कहा कि पहाड़ के लोक पर्व को जनजन से जोडने एवं युवा पीढी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोडने के लिए इस तरह के आयोजन जरूरी है। वहीं इससे पर्यटन को भी बढावा मिलेगा। आने वाले लोग उत्तराखंड की लोक संस्कृति के बारे में जान सकेंगे ,पर्व एवं त्योहारों का आनंद उठाएंगे। इस दौरान उपजिलाधिकारी ,आयोजन समिति के अध्यक्ष मोहन पेटवाल के नेतृत्व में इगास पर्व पारंपरिक वाद्ययंत्रों,ढोल दमाउ, रणसिंघा व मसक बाजा के साथ निकाली गई जो शहीद स्थल पर एकत्र हुई।

पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भैलों खेला गया व लोकनृत्य आयोजित किए
शहीद स्थल पर दोनों सांस्कृतिक यात्राएं एकत्र हुई व वहां पर जमकर पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ भैलों खेला गया व लोकनृत्य आयोजित किए गये जिसका लोगों ने जमकर आनंद लिया। शहीद स्थल पर रस्साकशी का खेल भी आयोजित किया गया। उसके बाद सभी गढवाल टैरेस पर गये जहां पर विधिवत ईगास कार्यक्रम आयोजित किया गया।

भाजपा ने इगास प्रदेश स्तर पर व्यापक स्वरूप में धूमधाम से मनाया
भाजपा ने लोकपर्व इगास बग्वाल प्रदेश स्तर पर व्यापक स्वरूप में धूमधाम से मनाया । पार्टी प्रदेश अध्यक्ष महेन्द्र भट्ट अपने चमोली स्थित गांव में ग्रामीणों व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ इस पर्व में शामिल हुए । केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट समेत पार्टी जनप्रतिनिधियों व पदाधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर आयोजित इगास कार्यक्रमों में शिरकत की। महेंद्र भट्ट अपने गांव ब्राह्मण थाला में मौजद रहे । इस अवसर पर आयोजित बग्वाल पर्व उन्होंने बेहद परम्परागत तरीके से स्थानीय लोगो व पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मनाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में एक मिशन के तहत इस लोकपर्व को और अधिक पैमाने पर जनसहभागिता से पार्टी स्तर पर मनाया जाएगा ।












Click it and Unblock the Notifications