हरीश रावत ने की प्रीतम सिंह से मुलाकात, क्या उत्तराखंड कांग्रेस में होने जा रहा बड़ा उलटफेर?
पूर्व सीएम हरीश रावत प्रीतम सिंह से मिलने उनके आवास पर पहुंचे तो कांग्रेस के अंदर नई बहस शुरू हो गई। इस मुलाकात को 2024 लोकसभा चुनाव से जोड़ा जा रहा है।

उत्तराखंड कांग्रेस में आने वाले दिनों में एक बार फिर से बड़ा उलटफेर देखने को मिल सकता है। लंबे समय से धुर विरोधी रहे पूर्व सीएम हरीश रावत और पूर्व अध्यक्ष प्रीतम सिंह की अचानक हुई मुलाकात के सियासी मायने तलाशे जा रहे हैं। पूर्व सीएम हरीश रावत प्रीतम सिंह से मिलने उनके आवास पर पहुंचे तो कांग्रेस के अंदर नई बहस शुरू हो गई। इस मुलाकात को 2024 लोकसभा चुनाव से जोड़ा जा रहा है। माना जा रहा है कि हरीश रावत हरिद्वार लोकसभा सीट पर हरक सिंह की दावेदारी से नाराज हैं। ऐसे में हरीश रावत प्रीतम सिंह से लोकसभा चुनाव को लेकर बनते बिगड़ते समीकरणों को लेकर अपना पक्ष रख चुके हैं। जिससे आने वाले दिनों में कांग्रेस के अंदर नई तस्वीर नजर आ सकती है। इस बैठक में बाद कांग्रेस में बदलाव की भी सुगबुगाहट शुरू हो गई है।
हरीश रावत और हरक सिंह सियासत के धुर विरोधी
हरक सिंह का पूर्व सीएम हरीश रावत पहले से ही विरोध करते आ रहे हैं। 2016 में कांग्रेस के अंदर हुई बगावत के लिए हरक सिंह को ही सूत्रधार माना जाता रहा है। जब हरीश रावत सरकार के खिलाफ जाकर हरक सिंह ने विद्रोह किया और भाजपा में शामिल हुए। तब से हरीश रावत और हरक सिंह सियासत के धुर विरोधी बन गए। इस बीच 2022 में विधानसभा चुनाव से पहले हरक सिंह कांग्रेस में शामिल हुए तब हरीश रावत ने हरक सिंह के पार्टी में आने का जमकर विरोध किया। लेकिन माना जाता है कि हरक सिंह को कांग्रेस ज्वाइन कराने में प्रीतम सिंह का अहम रोल रहा है। हरक के कांग्रेस में आने के बाद से हरक और प्रीतम कई जगह एक साथ देखे गए हैं। जिनको एक जुट भी माना जा रहा है। प्रीतम सिंह 2022 चुनाव की कांग्रेस की कमान हरीश रावत को मिलने के समय से ही हरीश रावत से दूरी बनाकर चल रहे हैं। इतना ही नहीं प्रीतम हरीश रावत का कई मुद्दों को लेकर जमकर विरोध भी कर चुके हैं।
कांग्रेस में बड़े बदलाव की आहट
Recommended Video
लेकिन अब हरीश रावत का अचानक प्रीतम सिंह से मिलना कांग्रेस में बड़े बदलाव की आहट मानी जा रही है। कांग्रेस में इस समय संगठन से हटकर दो खेमे हावी है। पहला हरीश रावत दूसरा प्रीतम सिंह। दोनों खेमे एक दूसरे से हर मुद्दे पर आमने सामने आ चुके हैं। अब हरीश रावत ने नया सियासी दाव पेंच खेला है। हरीश रावत हरिद्वार से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर चुके हैं। माना जा रहा है कि हरीश रावत का ये आखिरी चुनाव है, ऐसे में हरीश रावत किसी भी सूरत में हरिद्वार जीतना चाहते हैं। साथ ही हरिद्वार में किसी तरह का विवाद नहीं चाहते हैं। हरक सिंह ने बीते दिनों हरिद्वार से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है। ऐसे में उन्होंने सीधे तौर पर हरीश रावत को चुनौती दी है। जिसके बाद से हरीश रावत सक्रिय हो गए हैं। इसके लिए वे प्रीतम सिंह को भी अपने साथ लेने की कोशिश में जुटे हैं। प्रीतम सिंह से करीब एक घंटे तक मुलाकात के बाद हरीश रावत ने मीडिया से बातचीत में उनकी तारीफ भी की है। जिससे साफ है कि वे प्रीतम सिंह की तरफ हाथ आगे बढ़ा चुके हैं।












Click it and Unblock the Notifications