Uttarakhand :पूर्व सीएम हरीश रावत और विधायक अनुपमा रावत का थाने के बाहर धरना, हरदा का यहां भी दिखा अनोखा तरीका
पूर्व सीएम हरीश रावत और विधायक अनुपमा रावत का धरना जारी
कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों पर मुकदमे दर्ज करने के खिलाफ और दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग को लेकर पूर्व सीएम हरीश रावत और उनकी बेटी हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत का धरना जारी है। अनुपमा के नेतृत्व में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता बहादराबाद थाना परिसर में गुरूवार से धरना दे रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत भी हरिद्वार में भाजपा के खिलाफ धरने पर बैठे हैं। हरीश रावत ने मुकदमा वापस न लेने तक थाना परिसर में धरना देने की घोषणा की है।

कांग्रेसियों पर फर्जी मुकदमें दर्ज करने और मुकदमें वापस लेने की मांग
कांग्रेसियों पर फर्जी मुकदमें दर्ज करने और मुकदमें वापस लेने की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत, ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर और भगवानपुर विधायक ममता राकेश ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बहादराबाद थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया था। विधायकों का आरोप है कि पंचायत की मतगणना के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर फर्जी मुकदमे दर्ज कर उनका उत्पीड़न किया जा रहा है। उन पर दर्ज मुकदमे निरस्त करने की मांग की है। मांग को लेकर हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत रात भर थाने में ही धरने पर कार्यकर्ताओं के साथ डटी रहीं। पंचायत चुनाव के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज मुकदमे निरस्त करने की मांग को लेकर बहादराबाद थाने में कांग्रेसियों का धरना जारी रहा। हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत के नेतृत्व में आयोजित धरने में शुक्रवार को कांग्रेसियों ने थाने के बाहर पशुओं को बांध दिया। शुक्रवार को दूसरे दिन कार्यकर्ता भैंसा गाड़ी और बैल लेकर थाने परिसर में पहुंच गए। दिनभर उन्हें थाने के बाहर ही बांधकर रखा और शाम को वापस लेकर गए। पूरे दिन थाना परिसर में भीड़भाड़ रही।
हरीश रावत ने मुकदमें वापस न होने तक धरना देने की घोषणा
इसके बाद शुक्रवार को पूर्व सीएम हरीश रावत और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य भी समर्थन देने धरने पर बैठ गए। हरीश रावत ने मुकदमें वापस न होने तक धरना देने की घोषणा की है। पूरी रात धरनास्थल पर काटने के बाद शनिवार को सुबह हरीश रावत ने थाने के बाहर जमकर योगाभ्यास किया। जिसकी तस्वीरें जमकर सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं। पूर्व सीएम हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर पंचायत चुनाव में सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया। शनिवार को हरीश रावत ने अपने सहयोगियों के साथ बहादराबाद थाना परिसर में फैली गंदगी को साफ किया।
भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भाजपा सरकार पर तानाशाही रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ये लड़ाई बेहद जरूरी है। उन्होंने भाजपा सरकार के तानाशाही के विरोध में पूरे राज्य में आम जनता को साथ लेकर आंदोलन की बात कही है। हरीश रावत ने कहा कि सरकार के दबाव में आकर पुलिस-प्रशासन ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को धमकाया। इससे डरकर कोई भी कांग्रेस का ब्लाक प्रमुख या जिला पंचायत प्रत्याशी बनने को तैयार नहीं हुआ। धरना-प्रदर्शन में अब तक नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल समेत कई सीनियर नेता धरनास्थल पहुंच कर अपना समर्थन दे चुके हैं। कांग्रेस विधायक अनुपमा रावत ने कहा कि विधानसभा चुनाव में मिली करारी हार से बौखलाई भाजपा सरकार ने हरिद्वार पंचायत चुनावों में खुलेआम सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर जीत हासिल की। पूर्व सीएम हरीश रावत और विधायक अनुपमा रावत का थाने के बाहर धरना देने को लेकर अब विपक्ष भी निशाना साध रहा है। भाजपा और आप ने इसे नौटंकी करार दिया है।












Click it and Unblock the Notifications