Haldwani news: बनभूलपुरा के अब क्या हैं हालात, पलायन क्यों है जारी, कहां तक पहुंची पुलिस कार्रवाई
उत्तराखंड के हल्द्वानी के बनभूलपुरा में अतिक्रमण को हटाने गई टीम के साथ हुए हमले के बाद हुई हिंसा के चलते माहौल गरमाया हुआ है। हालांकि अब बनभूलपुरा को छोड़कर दूसरे इलाकों में जनजीवन सामान्य होता जा रहा है। लेकिन बनभूलपुरा में अब भी कर्फ्यू जारी है। इसके साथ ही बनभूलपुरा में अब पलायन होना शुरू हो गया है।

मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो अब तक करीब 300 परिवार घर में ताला लगाकर यूपी चले गए हैं। यहां से लोग पैदल ही गंतव्य को जा रहे हैं। इसके साथ ही कुछ लोग आसपास से बस और ट्रेन पकड़ रहे हैं। इस बीच बनभूलपुरा क्षेत्र पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया था।
कई दिनों तक कर्फ्यू रहने की आशंका और पुलिस से डरकर लोगों ने पलायन तेज कर दिया है। पुलिस लगातार उपद्रवियों की पहचान में जुटी है। उपद्रवियों को हिरासत में लेने का सिलसिला जारी है। रविवार को 30 लोगों को पुलिस ने पूछताछ के बाद छोड़ दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मोबाइल से , फोटो, वीडियो पुलिस ने कब्जे में ली है। गिरफ्तार आरोपियों की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है। पुलिस को कुछ मोबाइल में बरेली, यूपी में रहने वाले लोगों के नंबर भी मिले हैं। इस बीच हल्द्वानी बनभूलपुरा से जुड़े 25 उपद्रवियों को गिरफ्तार किया है। जिसके बाद सोमवार सुबह पुलिस उपद्रवियों को बेस अस्पताल लेकर आई, जहां उनका मेडिकल कराया गया। जहां काफी देर भीड़ जुटी रही। इसके बाद सभी उपद्रवियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
हल्द्वानी हिंसा मामले में प्रशासन ने बनभुलपूरा क्षेत्र के 120 लोगों के 127 शस्त्र लाइसेंस को निरस्त कर दिया है।पुलिस को 24 घंटे के अंदर संबंधित शस्त्रों को कब्जे में लेने के निर्देश दिए हैं। पुलिस ने सोमवार को इलाके में फिर सर्च ऑपरेशन चलाया। इसमें 27 लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया।
सोमवार को बनभूलपुरा थाना क्षेत्र को छोड़कर नगर के अन्य क्षेत्रों से पूरी तरह कर्फ्यू हटाने के साथ इंटरनेट सेवा को बहाल कर दिया। इससे जनजीवन सामान्य होने लगा है।












Click it and Unblock the Notifications