दिवाली पर मायके से गांव जा रहा परिवार हादसे का शिकार, कार में लगी आग, दंपत्ति समेत एक बेटे की मौत, एक घायल
Chamoli Accident: दिवाली पर चमोली में अपने मायके से गांव लौट रहे परिवार के साथ दर्दनाक हादसा हो गया। गोपेश्वर-पोखरी रोड पर देवखाल के पास एक कार खाई में गिरकर अटक गई। लेकिन नीचे की सड़क पर गिरते ही उसमें आग लग गई। पति-पत्नी बाहर छिटक गए।
पति की मौके पर जबकि पत्नी की इलाज के दौरान मौत हो गई है। जबकि कार में फंसे छोटे बेटे की जलकर मौत हो गई। बड़ा बेटा आंशिक रूप से झुलसा है। जिसका इलाज चल रहा है। परिजनों द्वारा घायल को हायर सेंटर रेफर करने की मांग पर हेलीकॉप्टर से एम्स अस्पताल पहुंचा दिया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चमोली के पोखरी विकासखंड के ग्राम पंचायत विशाल के पाव गांव निवासी अरविंद त्रिपाठी परिवार के साथ दिवाली मनाने अपने ससुराल देवखाल आए थे। बृहस्पतिवार को वह अपने गांव विशाल लौट रहे थे। घर से 100 मीटर दूरी पर ही कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी और नीचे भदूड़ा गांव की लिंक रोड पर अटक गई। नीचे की सड़क पर गिरते ही कार में आग लग गई।
हादसे में देहरादून में यूजेवीएनएल में तैनात ईई अरविंद त्रिपाठी (55) और पत्नी अनीता त्रिपाठी (51) कार से छिटक गए। हादसे में ईई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पत्नी घायल हो गईं। उनका बड़ा बेटा अंबुज त्रिपाठी (24) और छोटा बेटा अनंत त्रिपाठी (21) कार के साथ नीचे सड़क जा गिरे। अंबुज कार से बाहर निकलने में सफल रहा जबकि अनंत कार से नहीं निकल सका और उसकी जलकर मौत हो गई।
सूचना पर ग्रामीणों ने घायल अंबुज और अनीता को निजी वाहन से जिला अस्पताल पहुंचाया। इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस बीच अनीता ने रात में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, आंशिक रूप से झुलसे अंबुज का इलाज चल रहा है।
पुलिस ने बताया कि हादसे में दंपती और एक बेटे की मौत हो गई, जबकि दूसरा बेटा जिला अस्पताल में भर्ती है। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। छोटा बेटा हादसे के बाद कार में फंस गया, जिससे उसकी जलकर मौत हो गई। जिसे निकालने के लिए एसडीआरएफ व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों और रिश्तेदारों में कोहराम मचा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications