Dussehra 2023: दशहरे पर मौसम का न हो खलल, रावण के पुतले को जलाने के लिए ये उठाया कदम
दशहरे पर मौसम को लेकर हर किसी की उत्सुकता नजर आ रही है। रावण दहन के लिए देहरादून समेत पूरे उत्तराखंड में तैयारियां जोरों पर हैं। हर कोई अब दशहरे का इंतजार कर रहे हैं, जब रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों को जलाया जाएगा।

हालांकि मौसम विभाग ने दशहरे पर मौसम साफ रहने का अनुमान जताया है। लेकिन आयोजकों ने हल्के बादलों को देखते हुए इस बार एहतियातन कपड़ों के पुतले बनाए गए हैं। जिससे बारिश होने की स्थिति में भी आसानी से पुतला दहन किया जा सके। 2022 में दशहरे पर बारिश होने की वजह से पुतला दहन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा था। ऐसे में इस बार आयोजकों ने ये कदम उठाया है।
मौसम की बात करें तो मौसम विभाग ने उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में 23 और 24 अक्तूबर को हल्की बारिश की संभावना जताई है। हालांकि देहरादून में मौसम साफ रहने की आशंका जताई गई है। बीते साल अचानक बदले मौसम ने दशहरा पर्व के उत्साह में खलल डाला। बारिश के चलते रावण, कुंभकर्ण और मेघनाथ के पुतला दहन करने में आयोजकों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी थी।
दशहरा कमेटी बन्नू बिरादरी के प्रधान संतोक सिंह नागपाल ने बताया, बीते साल बांस, कागज और भूसे से पुतले बनाए गए थे। यह सभी सामग्री बारिश से जल्दी खराब हो जाती है। इसी वजह से बीते साल अचानक हुई बारिश से पुतले ठीक से नहीं जल पाए थे। ऐसे में इस बार पुतलों में कपड़ों का ज्यादा प्रयोग किया गया ताकि बारिश अगर होती भी है तो पुतला दहन आसानी से हो सके। देहरादून पुलिस ने दशहरे पर ट्रैफिक डायवर्ट प्लान जारी किया है। परेड ग्राउण्ड के चारों ओर का क्षेत्र वाहनों के लिए पूर्णरुप से जीरो-जोन रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications