बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष को हटाने की मांग, CM धामी को लिखा पत्र, जानिए किसने और क्यों
Kedarnath NEWS: केदारनाथ मंदिर के पुजारियों और तीर्थ पुरोहितों की केदारसभा ने बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष को हटाने की मांग को लेकर मोर्चा खोल दिया है। इसको लेकर केदारसभा ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र भी लिखा है।
केदारसभा ने बीकेटीसी अध्यक्ष की कार्यशैली को लेकर सवाल खड़े किए हैं, साथ ही मनमानी का भी आरोप लगाया है। ये विवाद प्रदेशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। शुक्रवार को केदारसभा की ओर से मुख्यमंत्री को पत्र भेजा गया।

जिसमें कहा गया कि बीकेटीसी अध्यक्ष की कार्यशैली तीर्थ पुरोहित समाज और स्थानीय लोगों के साथ सही नहीं है। उनके व्यवहार से हर कोई परेशान है। केदारसभा अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने बताया कि वीआईपी दर्शन पर कंट्रोल नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर कोई पॉलिसी नहीं बनाई जा रही है। आरोप लगाया कि बीकेटीसी अध्यक्ष वीवीआईपी और वीआईपी के स्वागत में जुटे हैं।
गर्भगृह में मंदिर समिति के कर्मचारियों की तानाशाही देखने को मिल रही है। केदारसभा ने चारधाम कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष को हटाने की मांग की है. ऐसा नहीं होने पर केदारसभा ने तीर्थ पुरोहित समाज और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर जनांदोलन की चेतावनी दी है। बता दें कि शुक्रवार को ही उद्योगपति मुकेश अंबानी ने केदारनाथ, बद्रीनाथ के दर्शन किए। जिसके बाद से ही पुरोहित नाराज बताए जा रहे हैं।
बताते चलें कि इसी मई के महीने में बदरी केदार मंदिर समिति में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नियुक्त किये गये। हेमंत द्विवेदी को बदरी केदार मंदिर समिति का अध्यक्ष और चमोली के रहने वाले ऋषि प्रसाद सती और रुद्रप्रयाग के रहने वाले विजय कपरवान को बदरी केदार मंदिर समिति में उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। इस बार दो उपाध्यक्षों की नियुक्ति भी पहले से ही चर्चा का विषय बना हुआ है। अब अध्यक्ष को लेकर जिस तरह से केदारसभा ने मोर्चा खोला है, वह आने वाले समय में प्रशासन और सरकार के लिए चुनौती खड़ी कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications