DEEWALI 2022: उत्तराखंड की धामी सरकार राज्य कर्मचारियों पर मेहरबान, इन कर्मियों को मिले दिवाली तोहफे
उत्तराखंड धामी सरकार ने दिए राज्य कर्मचारियों को दिवाली तोहफे
DEEWALI 2022 उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने इस दिवाली राज्य कर्मचारियों पर जमकर मेहरबानी दिखाई है। धामी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दिवाली बोनस देने के साथ ही पुलिस जवानों के पौष्टिक आहार भत्ते में 200 रुपये की वृद्धि और प्रशिक्षकों का प्रोत्साहन भत्ता में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया है। इसके साथ ही उत्तराखंड के रोडवेज कर्मचारियों को दिवाली बोनस और तीन प्रतिशत बढ़े हुए महंगाई भत्ते का तोहफा देने के साथ ही प्रदेश की 35 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिवाली के अवसर पर एक.एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है।

करीब डेढ़ लाख अधिकारी, कर्मियों को दिवाली बोनस का तोहफा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सबसे पहले प्रदेश के करीब डेढ़ लाख अधिकारी, कर्मियों को दिवाली बोनस का तोहफा दिया है। वित्त विभाग की फाइल को सीएम ने गुरुवार को मंजूर किया। अब कर्मचारियों की नजर महंगाई भत्ते पर है। कुछ दिन पहले हुई कैबिनेट की बैठक में राज्य कर्मचारियों के दिवाली बोनस और चार प्रतिशत महंगाई भत्ता डीए, के दो अलग.अलग प्रस्तावों पर सहमति बनी थी। इसका निर्णय मुख्यमंत्री पर छोड़ा गया था। जिसके बाद सीएम ने इस फाइल को मंजूर कर दिया।
पुलिस जवानों के पौष्टिक आहार भत्ते में 200 रुपये, प्रशिक्षकों का प्रोत्साहन भत्ता में 15 %की बढ़ोतरी
इसके साथ ही सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पुलिसकर्मियों को दिवाली का तोहफा दिया है। पुलिस लाइन में आयोजित पुलिस शहीद स्मृति दिवस पर सीएम ने वीडियो संदेश के जरिए पुलिस जवानों के पौष्टिक आहार भत्ते में 200 रुपये की वृद्धि और प्रशिक्षकों का प्रोत्साहन भत्ता में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी करने का ऐलान किया। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक स्थल पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने वीडियो से संदेश दिया। सीएम ने शहीद पुलिस जवानों को श्रद्धांजलि दी। सीएम ने कहा कि हमारी सरकार पुलिस परिवार का भी विशेष ध्यान रख रही है। पुलिस जवानों का पौष्टिक आहार भत्ता 1500 रुपये से बढ़ाकर 1700 रुपये किए जाते हैं। यूपी व हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर उत्तराखंड पुलिस विभाग के समस्त प्रशिक्षण संस्थाओं में नियुक्त प्रशिक्षकों को उनके मूल वेतन का 15 प्रतिशत प्रशिक्षण भत्ता प्रदान दिया जाएगा।
रोडवेज कर्मचारियों को बोनस और तीन प्रतिशत बढ़े हुए महंगाई भत्ते का तोहफा
इधर सरकार ने उत्तराखंड के रोडवेज कर्मचारियों को परिवहन निगम ने दीपावली बोनस और तीन प्रतिशत बढ़े हुए महंगाई भत्ते का तोहफा दिया है। निगम की बोर्ड बैठक में कई अहम फैसले लिए हैं। बैठक में बताया गया कि परिवहन निगम ने सितंबर तक का वेतन और अगस्त तक रिटायर हुए कर्मचारियों को ग्रेच्युटी व नगदीकरण का भुगतान कर दिया है। सितंबर में निगम को 16 करोड़ 90 लाख रुपये का लाभ हुआ। बैठक में तय किया गया कि निगम अपने डीजल पंप के साथ ही अब इंडियन ऑयल के माध्यम से रिटेल पंप भी लगाएगा। परिवहन निगम ने बोर्ड बैठक में निगम कर्मचारियों को तीन प्रतिशत बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने का फैसला लिया।
इस प्रकार अब निगमकर्मियों का महंगाई भत्ता 34 फीसदी हो गया है। वहीं, बोर्ड बैठक के बाद निगम ने कर्मचारियों को दीपावली बोनस देने का आदेश भी जारी कर दिया। इसके तहत 4800 ग्रेड वेतन तक वाले कर्मचारियों को निगम छह हजार 908 रुपये का दीपावली बोनस देगा। इसका भुगतान निगम के नियमित कार्मिकों को डिपो की दैनिक आय से किया जाएगा। वहीं, निगम के विशेष श्रेणी, संविदा ड्राइवर.कंडक्टरों एवं तकनीकी कर्मियों को 1184 रुपये दीपावली बोनस दिया जाएगा।
35 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को एक-एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि
उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की 35 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिवाली के अवसर पर एक.एक हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की है। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव हरि चंद सेमवाल ने बताया कि विभाग की मंत्री रेखा आर्य के अनुरोध पर मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को प्रोत्साहन राशि देने के निर्देश दिए हैं। विभाग का कहना है कि ऐसा पहली बार है जब आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिवाली से पहले अक्तूबर महीने का वेतन जारी कर दिया गया। उत्तराखंड की 35 हजार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दीपावली से पहले ही अक्तूबर महीने का मानदेय दे दिया गया।












Click it and Unblock the Notifications