Harish rawat के गैरसेंण को स्थाई राजधानी के मुद्दे पर दिए बयान से खड़ा हुआ विवाद, BJP ने कह दी बड़ी बात
उत्तराखंड में एक बार फिर गैरसेंण को लेकर सियासत गरमा गई है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने गैरसेंण को स्थाई राजधानी बनाने के मुद्दे पर एक नई बहस छेड़ दी है।
हरीश रावत का दावा है कि वे गैरसेंण को स्थाई राजधानी बनाना चाहते थे, लेकिन तब कांग्रेस में विद्रोह करने वाले विधायकों की वजह से ये काम पूरा न हो सका। हरीश रावत के बयान के बाद नया विवाद खड़ा हो गया है।

हरीश रावत के बयान पर सबसे पहले कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल पलटवार कर चुके हैं। सुबोध उनियाल का कहना है कि हरीश रावत चलती फिरती झूठ की मशीन हैं। साथ ही उम्र के इस पड़ाव में उन्होंने आराम की सलाह दी है।
भाजपा ने कांग्रेस पर विपक्ष में रहकर भी अस्थिर रहने का तंज कसते हुए, पावन धामों को लेकर राजनीति बंद करने की सलाह दी है। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने पूर्व सीएम हरीश रावत, गणेश गोदियाल समेत कांग्रेसियों के आरोपों पर सिलसिलेवार ढंग से पलटवार किया।
स्थाई राजधानी बनाने को लेकर हरीश रावत के दावों पर महेंद्र भट्ट ने कहा कि पृथक राज्य भाजपा ने बनाया, ग्रीष्मकालीन राजधानी भाजपा ने बनाई और वहां विकास के कार्य भी हमनें ही कराए और आगे जो भी विकास कार्य होंगे उन्हें हमारी सरकार ही कराने वाली है।
आज हरदा जो दावा कर रहे हैं वह पूरी तरह सफेद झूठ है, क्योंकि असंतुष्ट विधायकों के कांग्रेस छोड़ने के बाद भी वे लंबे समय बहुमत के साथ सत्ता में थे, लेकिन स्थाई राजधानी की कोई चर्चा तक नही की। उम्र के इस पड़ाव में अक्सर इंसान मतिभ्रम का शिकार हो जाता है और मीडिया की सुर्खियां बनने के लिए बयानबाजी करता है।
उन्होंने एक निर्दलीय विधायक के बयान के आधार पर सरकार की स्थिरता को लेकर कांग्रेस के आरोपों पर तंज किया कि कांग्रेस विपक्ष में रहकर भी अस्थिर है। वहां विधायकों से लेकर संगठन के अध्यक्ष से लेकर मंडल तक सभी लोगों की आपस में सिरफुटौव्वल है। उन्होंने सवाल किया कि हमारे पास 47 विधायक हैं, ऐसे में जो लोग सरकार की अस्थिरता की बात कर रहे हैं वे कहीं न कहीं ऐसी साजिशों में लिप्त हैं ।












Click it and Unblock the Notifications