गृह सचिव को हटाने के बाद कांग्रेस ने कार्यवाहक डीजीपी को हटाने को चुनाव आयोग को लिखा पत्र,जानिए क्या बताई वजह
लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही अधिकारियों को हटाने को लेकर भी सियासत तेज हो गई है। उत्तराखंड में मुख्य विपक्षी कांग्रेस ने कार्यवाहक डीजीपी अभिनव कुमार को तत्काल हटाने की मांग की है। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने इस बाबत चुनाव आयोग को पत्र लिखा है।

आरोप बीजेपी के साथ उनकी नजदीकी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने पत्र में कहा है कि डीजीपी का पद संभालने से पहले अभिनव कुमार सीएम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रमुख सचिव रहे हैं और सत्ताधारी पार्टी यानी बीजेपी के साथ उनकी नजदीकी है। ऐसे में उनके डीजीपी रहते हुए राज्य में निष्पक्ष चुनाव नहीं कराया जा सकता है।
व्यवहार को देखते हुए तत्काल हटाने की मांग
कांग्रेस अध्यक्ष ने आगे लिखते हुए आरोप लगाया कि उत्तराखंड के बहुचर्चित अंकिता भंडारी केस में भी डीजीपी का बयान सत्ताधारी दल के प्रवक्ता की तरह सरकार के बचाव में आया। जो कि उनके वर्तमान पद की गरिमा के खिलाफ है। करन माहरा ने चुनाव आयोग से डीजीपी अभिनव कुमार के व्यवहार को देखते हुए तत्काल हटाने की मांग की है।
कौन हैं आईपीएएस अभिनव कुमार
उत्तराखंड के कार्यवाहक डीजीपी का कार्यभार आईपीएएस अभिनव कुमार ने 1 दिसंबर 2023 को ग्रहण किया। 53 साल के अभिनव कुमार 1996 बैच के आईपीएस हैं। 1996 बैच के IPS अभिनव कुमार हरिद्वार और देहरादून पुलिस कप्तान रहे हैं। कुछ महीनों तक उन्होंने आईजी गढ़वाल के पद पर सेवा दी है। केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर सीआरपीएफ में सेवा दी। जिस वक्त जम्मू कश्मीर से धारा 370 हटाई गई, अभिनव कुमार के हाथ में कमान थी। डीजीपी बनने से पहले वे मुख्यमंत्री के विशेष सचिव रहे। उत्तराखंड गठन के बाद अभिनव कुमार यहां आ गए थे। वह 2009 में डीआईजी और 2014 में आईजी बने।
गृह सचिव को हटाया
चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की घोषणा के बाद 6 राज्यों के गृह सचिवो ( उत्तराखंड, गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और हिमाचल प्रदेश )को हटा दिया था। जिसमें उत्तराखंड के गृह सचिव शैलेश बगोली का नाम भी शामिल है। अब नए गृह सचिव के लिए राज्य के पैनल की ओर से तीन नामों का प्रस्ताव आयोग को भेजा जाएगा। आईएएस अधिकारी शैलेश बगोली सचिव गृह के साथ ही कारागार व मुख्यमंत्री के सचिव की भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। माना जा रहा है कि गृह सचिव शैलेश बगोली को हटाने का एक कारण ये भी है कि वह मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के भी सचिव हैं।












Click it and Unblock the Notifications