मसूरी का कंपनी गार्डन बना अटल उद्यान पार्क,182 साल का अंग्रेजी शासन से लेकर पर्यटकों के लिए क्यों है खास
Mussoorie news: मसूरी का विश्व प्रसिद्ध कंपनी गार्डन अब अटल उद्यान पार्क के नाम से जाना जाएगा। अंग्रेजों के शासनकाल में डाॅ. एच फाकनर ने 1842 में कंपनी गार्डन की स्थापना की थी। इसे पहले म्युनिसिपल गार्डन कहा जाता था। इसके बाद कंपनी गार्डन नाम दिया गया। जिसका नाम फिर से बदला गया है।
अब इसे अटल उद्यान पार्क कहा जाएगा। मसूरी यानि पहाड़ों की रानी में सालभर पर्यटक घूमने आते हैं। जो कि कंपनी गार्डन में दीदार करने जरुर पहुंचते हैं। गार्डन में विभिन्न प्रजाति के रंग-बिरेंगे फूल खिले हुए रहते हैं। गार्डन में फाउंटेन से लेकर बच्चों के लिए झूले, टॉय ट्रेन आदि की व्यवस्था है।

मसूरी लाइब्रेरी बस स्टैंड से 3.5 किमी की दूरी पर, कंपनी बाग, जिसे म्यूनिसिपल गार्डन भी कहा जाता है। मसूरी में लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन एकेडमी के पास हैप्पी वैली क्षेत्र में स्थित है। यह मसूरी का लोकप्रिय दर्शनीय स्थल है। कंपनी गार्डन मसूरी का एक प्रमुख पिकनिक स्थल है। इसे पहले मसूरी के बॉटनिकल गार्डन के नाम से भी जाना जाता था।
मसूरी में नगर पालिका परिषद द्वारा कंपनी गार्डन के नए नाम अटल उद्यान पार्क के उद्घाटन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें कार्यक्रम की अध्यक्षता कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी द्वारा की गई। इस अवसर पर कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल और कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कंपनी गार्डन के नए नाम "अटल उद्यान पार्क " का उद्घाटन किया।
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का राज्य निर्माण में भी अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा वाजपेयी का मसूरी से विशेष लगाव था। उन्होंने कहा कि आज इस पार्क का नाम उस उस शख्सियत के नाम पर हुआ है। उन्होंने कहा कि आज का दिन इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में लिखा जाएगा। कहा कि कंपनी गार्डन देश विदेश के पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
उन्होंने कहा कि यह उद्यान जो पूर्व में म्युनिसिपल गार्डन के नाम से भी जाना जाता था, जो कंपनी शब्द के कारण आंग्ल भाषा का बोध कराता था वह अब अजातशत्रु नाम से विश्वविख्यात हमारे लोकप्रिय नेता भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी के नाम से जाना जाएगा। जो हम सभी के लिए गर्व की बात है और इस तिथि की साक्षी है। उन्होंने कहा कि शीघ्र ही एक सप्ताह के भीतर इस अटल उद्यान में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति स्थापित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि मसूरी को पर्वतों की रानी भी कहा जाता है। मसूरी गंगोत्री का प्रवेश द्वार भी है और दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश के निवासियों के लिए यह लोकप्रिय ग्रीष्मकालीन पर्यटन स्थल है। कैबिनेट मंत्री प्रेम चंद्र अग्रवाल ने कहा कि अंग्रेजों के जमाने में रखा गया कंपनी गार्डन नाम आज से अटल उद्यान के नाम से जाना जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications