CM धामी का दिल्ली दौरा, अमित शाह समेत हाईकमान के सामने रखी रिपोर्ट, मंत्रिमंडल के चेहरों का तय होगा भविष्य
सीएम पुष्कर सिंह धामी 3 दिन के दिल्ली दौरे पर
देहरादून, 21 सितंबर। उत्तराखंड में धामी मंत्रिमंडल में बदलाव और विस्तार को लेकर सियासी पारा चढ़ा हुआ है। इस बीच सूत्रों का दावा है कि हाईकमान ने भी इस बार मंत्रिमंडल में नए चेहरों को लाने की हरी झंडी दे दी है। हालांकि इसको लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हाईकमान को अपनी रिपोर्ट सौंपेंगे। साथ ही गृह मंत्री अमित शाह के सामने भी सीएम ने सभी मसलों पर फीडबैक रख दिया है। जिसके बाद नए मंत्रिमंडल का स्वरूप तैयार होगा। सूत्रों का दावा है कि पार्टी मंत्रिमंडल में बदलाव और विस्तार के लिए पितृ पक्ष के सम्पन्न होने का इंतजार कर रही है।

धामी के दिल्ली पहुंचते ही उत्तराखंड में सियासत गरमा गई
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सोमवार को दिल्ली पहुंचते ही उत्तराखंड में सियासत गरमा गई। मंगलवार को पार्टी मुख्यालय में सीएम ने भाजपा राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी व राज्यसभा सदस्य अनिल बलूनी समेत कई नेताओं से भेंट की।

पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पीएम नरेंद्र मोदी को अपना फीडबैक दे चुके
इससे पहले पूर्व सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत पीएम नरेंद्र मोदी से लेकर पार्टी के सभी सीनियर नेताओं को अपना फीडबैक दे चुके हैं। जिस तरह पूर्व सीएम त्रिवेंद्र दिल्ली से लौटने के बाद आत्मविश्वास से लबरेज नजर आए, उससे दावा किया जा रहा है कि इसका असर इस मंत्रिमंडल विस्तार में नजर आ सकता है।

सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की
बुधवार को सीएम पुष्कर सिंह धामी ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है। दावा किया जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान धामी ने प्रदेश के सभी मसलांें पर विस्तार से चर्चा की है। इस मुलाकात को लेकर पहले से ही कयासबाजी का दौर चल रहा था। जिस तरह से प्रदेश में भर्ती घोटाले के बाद सरकार ने एक्शन लिया और कुछ मंत्रियों की इमेज पर असर पड़ा है। उसको लेकर इस मुलाकात में चर्चा होने का दावा किया जा रहा है। जिसके बाद ऐसे मंत्रियों का भविष्य तय किया जाएगा। पार्टी हाईकमान किसी भी सूरत में लोकसभा चुनाव तक ऐसे किसी मामले को नहीं रखना चाहेगी। जिससे पार्टी की छवि खराब हो।

धामी मंत्रिमंडल में अभी तीन स्थान रिक्त
धामी मंत्रिमंडल में अभी तीन स्थान रिक्त हैं। 6 माह की धामी सरकार में मंत्रिमंडल के आकलन की भी चर्चा तेज है। ऐसे में विस्तार और बदलाव दोनों के कयासबाजी चल रही है। हालांकि ये तय है कि पितृ पक्ष में इस तरह का कोेई बदलाव नहीं होगा। पितृ पक्ष सम्पन्न होते ही इस पर मुहर लग सकती है।

23 सितंबर को धामी सरकार को 6 माह का कार्यकाल पूरा
ऐसे में हाईकमान ने सीएम पुष्कर सिंह धामी को पूरा होमवर्क करने को कहा है। इस बीच ये भी माना जा रहा है कि 23 सितंबर को धामी सरकार को 6 माह का कार्यकाल पूरा हो जाएगा। ऐसे में एक बार फिर दायित्वधारियों को भी जिम्मेदारी देने की चर्चाएं तेज हैं। हालांकि सीएम धामी पहले संगठन विस्तार को तरजीह देने की बात कर चुके हैं। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि सीएम धामी दिल्ली दरबार से क्या संदेश लेकर आते हैं।












Click it and Unblock the Notifications