केदारनाथ और बदरीनाथ में विशेष पूजा के लिए ऑनलाइन बुकिंग शुरू, जानिए स्पेशल पूजा के रेट, कितना करना होगा खर्चा
चार धाम यात्रा 2024 को लेकर इस बार श्रद्धालुओं मेंं गजब का उत्साह नजर आ रहा है। जहां एक तरफ 15 लाख से ज्यादा लोगों ने यात्रा के लिए रजिस्ट्रेशन करा लिया है, वहीं करीब 7 हजार लोगों ने ऑनलाइन पूजा के लिए बुकिंग करा ली है। बद्री केदार मंदिर समिति इस बार श्रद्धालुओं को घर बैठे ऑनलाइन पूजा बुकिंग की व्यवस्था दे रही है।

चार धाम यात्रा 10 मई से शुरू होने जा रही है। 10 मई को केदारनाथ और 12 मई को बदरीनाथ के कपाट खुलने जा रहे हैं। बद्री केदार मंदिर समिति ने ऑनलाइन पूजा की व्यवस्था की है। यात्रा से पहले ही ऑनलाइन पूजा के लिए बुकिंग भी शुरू हो गई है। बीते साल पूरी यात्रा में स्पेशल पूजा करवाने में मंदिर समिति की डेढ़ करोड़ रुपये की आमदानी हुई थी लेकिन इस साल ऑनलाइन से अभी तक 1 करोड़ 20 लाख रुपये की बुकिंग हो चुकी है।
4735 श्रद्धालुओं ने श्री बदरीनाथ धाम व 2246 श्रद्धालुओं ने केदारनाथ धाम के लिए ऑनलाइन पूजाएं बुक कराई है। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने मंदिर समिति में ई-ऑफिस तथा ऑनलाइन सेवाओं को अपनाए जाने पर जोर दिया है। वेबसाइट सहित पूजा काउंटरों को आधुनिक बनाया गया है।
दोनों धामों के लिए ऑनलाइन पूजा बुकिंग से 1,20,03,725( एक करोड़ बीस लाख तीन हजार सात सौ पच्चीस रुपये) की धनराशि मंदिर समिति को प्राप्त हुई है। श्री बदरीनाथ धाम के लिए 8258920( बयासी लाख अठावन हजार नौ सौ बीस रुपये) तथा श्री केदारनाथ धाम के लिए 3744805 ( सैंतीस लाख चवालीस हजार आठ सौ पांच रुपये) ऑनलाइन पूजाओं की बुकिंग धनराशि प्राप्त हुई।
बद्रीनाथ धाम में स्पेशल पूजा के रेट
- महाभिषेक - 4700 रुपये
- अभिषेक - 4500 रुपये
- वेद पाठ- 2500 रुपये
- गीता पाठ - 2500 रुपये
- आरती के लिए- 201 से 601 रुपये तक
- श्रीमद्भागवत सप्त पाठ - 51 हजार रुपये
केदारनाथ धाम में स्पेशल पूजा रेट
- रुद्राभिषेक- 7200 रुपये
- महाभिषेक -9500 रुपये
- लघुरुद्राभिषेक पूजा - 6100 रुपये
- षोडशोपचार पूजा - 5500 रुपये
- अष्टोपचार पूजा - 950 रुपये
- शाम की आरती- 2800 रुपये












Click it and Unblock the Notifications