मसूरी के कैंपटी फॉल में नहाने गए बुलंदशहर के युवक की डूबकर मौत, पत्थरों के बीच फंसा मिला शव
मसूरी, 30 अगस्त: मसूरी के कैंपटी फॉल में नहाते समय यूपी के बुलंदशहर का रहने वाला एक युवक झील में डूब गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू करवाई। युवक का शव पत्थरों के बीच फंसा मिला। पुलिस ने झील से शव निकलवाकर उसको पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। कैंपटी थानाध्यक्ष नवीन जुराल ने बताया कि मुख्य झील के नीचे दूसरी बड़ी झील के पास नहाते समय एक पर्यटक डूब गया था। सूचना पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से झील के अंदर पत्थरों के बीच फंसे पर्यटक के शव को बाहर निकाला।

छह दोस्तों के साथ कैंपटी घूमने आया था अरविंद
थानाध्यक्ष ने बताया कि मृतक की पहचान अरविंद (35) निवासी हीरापुर जिला बुलंदशहर उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। वह अपने छह दोस्तों नीरज कुमार, कल्याण सिंह, अजय कुमार, महेश चंद, जितेन्द्र सिंह, सोनू के साथ कैंपटी घूमने आया था। थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले में विभिन्न पहलुओं पर जांच की जा रही है। मृतक के दोस्तों से भी पूछताछ की जा रही है।
सेल्फी लेने के चक्कर में गई जान
बताया जा रहा है कि अरविंद दोस्तों के साथ कैंपटी फॉल में बनी झील में नहाने चला गया था। सभी दोस्त अलग-अलग झील में नहा रहे थे। अरविंद मुख्य झील की बराबर वाली झील में नहाने चला गया। इस दौरान सेल्फी लेते वक्त उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया। इससे पहले कि कोई कुछ समझ पाता, अरविंद पानी में डूब गया। सूचना पर थाना कैंपटी पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और युवक को पानी से निकाला गया। बता दें, कैंपटी फॉल पर लोग घूमने आते हैं। इस दौरान फोटो, सेल्फी के चक्कर में अक्सर हादसे का शिकार हो जाते हैं। ऐसे में जरूरी हैं सावधानी के साथ ऐसी जगहों पर जाएं। पुलिस का कहना है कि मृतक युवक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और दोस्तों के पूछताछ की जा रही है।


Click it and Unblock the Notifications
