Bharat jodo yatra:उत्तराखंड में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा से हरीश रावत समेत कई चेहरे गायब
उत्तराखंड में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा माणा से शुरू
उत्तराखंड में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा का पहला चरण सोमवार को चमोली के सीमांत गांव माणा से शुरू हो गई। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा, ,विधानसभा के उपनेता भुवन कापड़ी, प्रदेश कांग्रेस संगठन के उपाध्यक्ष मथुरा दत्त जोशी सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने माणा गांव पहुंकर यात्रा की शुरुआत की। लेकिन यात्रा के शुभारंभ के मौके पर कांग्रेस के बड़े चेहरे नजर न आने से एक बार फिर कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है।

कांग्रेस की गुटबाजी खुलकर सामने आ गई
भारत जोड़ो यात्रा के शुभारंभ के मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह, बदरीनाथ विधायक राजेंद्र भंडारी, मनीष खंडूड़ी समेत कई बड़े नेता भारत जोड़ो रैली में नहीं दिखे। प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव भी रैली में शामिल नहीं हो पाए, लेकिन प्रभारी के न पहुंचने के पीछे राजनैतिक कारण नहीं माना जा रहा है। लेकिन जिस तरह कांग्रेस के बड़े और दिग्गज चेहरे रैली में नजर नहीं आए उससे साफ है कि कांग्रेस के अंदर कुछ भी सही नहीं चल रहा है।

कांग्रेस के उत्तराखंड में सबसे बड़े चेहरे पूर्व सीएम हरीश रावत गायब
कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा का उत्तराखंड में भी आगाज कर लिया है। इस यात्रा का उद्देश्य जनता को पार्टी के साथ जोड़ने का है। पूरे देश में ये यात्रा चल रही है। लेकिन उत्तराखंड में जिस तरह यात्रा शुरू हुई है, उस पर शुरूआत में सवाल खड़े हो रहे हैं। यात्रा के आगाज में जिस तरह की एकजुटता नजर आनी चाहिए थी, वो पहले ही दिन गायब रही। कांग्रेस के उत्तराखंड में सबसे बड़े चेहरे पूर्व सीएम हरीश रावत का यात्रा में पहले दिन न पहुंचना भी कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है। पूर्व सीएम हरीश रावत ने उत्तराखंड से दिल्ली की सियासत में जाने का ऐलान किया था, लेकिन हरिद्वार में अपनी बेटी हरिद्वार ग्रामीण विधायक अनुपमा रावत के थाने के बाहर आंदोलन में हरीश रावत शामिल हुए थे। ऐसे में भारत जोड़ो यात्रा में शामिल न होने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

प्रीतम सिंह का यात्रा से गायब रहना सियासी गलियारों में चर्चा का विषय
पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह भी इस दौरान कार्यक्रम में नहीं पहुंचे। प्रीतम सिंह और प्रदेश प्रभारी के बीच सियासी लड़ाई लंबे समय से जारी है। यशपाल आर्य के नेता प्रतिपक्ष बनने के बाद से ही प्रीतम सिंह और देवेन्द्र यादव के बीच आपसी द्वंद नजर आ रहा है। ऐसे में प्रीतम सिंह का भारत जोड़ो यात्रा से गायब रहना सियासी गलियारों में फिर से चर्चा का विषय बना हुआ है।

कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सियासत भी गरमा गई
कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर सियासत भी गरमा गई है। भाजपा ने कांग्रेस के द्वारा चलाई जा रही भारत जोड़ो यात्रा की सार्थकता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यात्रा अब सरकार को कोसने और आरोप प्रत्यारोप तक सीमित हो गयी है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर सिंह चौहान ने कहा कि जैसे हालात दिखाई दे रहे है, उससे लग रहा है कि कांग्रेस संकट मे है। सकारात्मक और और सौहार्द का वातावरण सृजित कर कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा का दावा कर रही हैए लेकिन यात्रा शुरू होते ही अपने पुराने ढर्रे पर लौटती नजर आ रही है। ऐसा वह पार्टी मे गुटबाजी और पार्टी के बड़े नेताओं के द्वारा यात्रा से कन्नी काटने के बाद सार्वजनिक रूप से फजीहत को बचाने के लिए आरोप प्रत्यारोप का सहारा ले रही है।












Click it and Unblock the Notifications