Badrinath Dham में विशेष पूजा को लेकर रावल के ऐतराज से मचा हड़कंप, जानिए क्या है पूरा मामला और नए नियम
Badrinath Dham बद्रीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। बदरीनाथ में विशेष पूजा को लेकर रावल के ऐतराज से हड़कंप मचा हुआ है। जिसके बाद मंदिर समिति की ओर से एक नया आदेश जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि सीईओ की अनुमति से ही पूजाओं में श्रद्धालु बैठ सकते हैं।
बद्रीनाथ- केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) में नया विवाद सामने आया है। बदरीनाथ के रावल अमरनाथ नंबूदरी ने महाभिषेक व अन्य पूजाओं में व्याप्त अव्यवस्थाओं पर गंभीर आपत्ति जताई है। रावल के ऐतराज के बाद अब मंदिर समिति के अध्यक्ष समेत किसी भी माध्यम से आने वाले अतिथियों को सीईओ के संज्ञान में लाने के बाद ही पूजाओं में बिठाया जाएगा।

बदरीनाथ धाम में महाभिषेक व अभिषेक पूजाओं के लिए क्रमशः 4700 व 4500 रुपए का शुल्क लिया जाता है। इसके अलावा अन्य आरतियों के लिए भी अलग शुल्क निर्धारित है। यह पूजाएं ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों तरह से बुक होती हैं।
सूत्रों के मुताबिक वीआईपी के नाम पर बड़ी संख्या में लोग बिना शुल्क दिए महाभिषेक व अभिषेक पूजाओं में बैठा दिए जाते हैं। बिना शुल्क वाले आगे बैठ जाते हैं और जो लोग शुल्क देकर पूजा बुक करवाते हैं उन्हें पीछे बैठना पड़ता है।
बताया जा रहा है कि इस पर रावल अमरनाथ नंबूदरी ने कड़ी आपत्ति जताई है और सीईओ विजय थपलियाल से इस संबंध में वार्ता की। रावल की नाराजगी के बाद सीईओ ने मंदिर अधिकारी समेत अन्य कार्मिकों को लिखित में एक आदेश जारी किया है।
जिसमें रावल के साथ हुई वार्ता का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि मंदिर समिति के अध्यक्ष समेत किसी भी माध्यम से आने वाले अतिथियों को सीईओ के संज्ञान में लाने के बाद ही पूजाओं में बिठाया जाए। रावल की नाराजगी के बाद धाम में दर्शनों व पूजा के नाम पर हो रहे खेल और अव्यवस्थाओं को लेकर तमाम तरह की चर्चाएं हो रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications