होली पर आई बुरी खबर, गंगा और गंगनहर में अलग-अलग घटनाओं में चार डूबे, एक का शव बरामद
होली के दिन गंगा में डूबने से चार अलग-अलग घटनाओं में चार युवक गंगा और गंगनहर में डूब गए। जिनके लिए एसडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाया है। इनमें से गंगनहर में डूबने वाले युवक का शव बरामद कर लिया है। डूबने वालों में से तीन दूसरे राज्यों से आए और एक स्थानीय नदीं में डूबे।

एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार थाना मुनिकीरेती जनपद टिहरी गढ़वाल अंतर्गत गंगा में नहाते समय अलग-अलग घटनाओं में तीन लोग गंगा में डूब गए जिनका अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। एसडीआरएफ की टीम सर्चिंग अभियान चला रही है। बताया कि 28 वर्षीय निखिल निवासी बठिंडा पंजाब निकट साइ घाट पांडव पत्थर के पास गंगा जी में नहाते समय बह गया है।
दूसरी घटना में करनाल हरियाणा निवासी 25 वर्षीय अक्षय नीम बीच के पास नदी में बह गया है। एक अन्य घटना में 37 वर्षीय सुरेंद्र नेगी निवासी ग्वाल गांव पो काफल पानी टिहरी गढ़वाल नीम बीच के समीप गंगा में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में जाकर डूब गया। उन्होंने बताया कि सभी के परिजनों को सूचित किया जा चुका है। जल पुलिस एसडीआरएफ द्वारा सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
उधर हरिद्वार जिले के रूड़की क्षेत्र गंगनहर में एक युवक का डूबने के बाद एसडीआरएफ ने शव बरामद कर लिया है। एसडीआरएफ से मिली जानकारी के अनुसार होली के दिन कोतवाली गंगनहर को गंगनहर में युवक के डूबने की सूचना मिली, जिस पर एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। एसडीआरएफ टीम द्वारा घटनास्थल में पहुंचकर राफ्ट के माध्यम से गंगनहर में उतरकर डीप डाइविंग के माध्यम से संभावित स्थानों पर गहन सर्चिंग अभियान चलाया गया।
जिस दौरान लगभग 15 फ़ीट गहराई से उक्त युवक के शव को गंगनहर से बाहर निकाल कर जिला पुलिस के सुपुर्द किया गया। युवक रुड़की से अपने दोस्तो के साथ गंगनहर में नहाने आया था जहां नहाते समय अचानक उक्त युवक का पैर फिसलने के कारण अनियंत्रित होकर नदी में डूब गया। मृतक की पहचान 22 वर्षीय अजय सविथा निवासी कानपुर, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई है।












Click it and Unblock the Notifications