आरटीओ ऑफिस का बाबू तीन हजार रूपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार, चालानी रसीद काटने की एवज में मांगी थी घूस
उत्तराखंड में भ्रष्ट्राचार के खिलाफ विजिलेंस की कार्रवाई जारी है। विजिलेंस की टीम ने आर.टी.ओ. कार्यालय कोटद्वार के वरिष्ठ सहायक महेन्द्र सिंह को 3 हजार रूपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया है।
आरोप है कि बाबू ने चालानी रसीद काटने की एवज में तीन हजार रूपए की रिश्वत मांगी। वविजिलेंस की टीम अब बाबू के कार्यालय से लेकर घर तक के रिकॉर्ड और दस्तावेज खंगालने में जुटी है।

विजिलेंस से मिली जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता की शिकायत पर सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम द्वारा नियमानुसार कार्रवाई करते हुये आज 22 अगस्त को महेन्द्र सिंह,आर.टी.ओ. कार्यालय कोटद्वार को शिकायतकर्ता से चालानी रसीद काटने की एवज में तीन हजार रूपए की रिश्वत ग्रहण करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
आरोपी की गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर देहरादून की टीम द्वारा अभियुक्त के आवास की तलाशी व अन्य स्थानों पर चल- अचल सम्पत्ति के सम्बन्ध में पूछताछ जारी है। निदेशक सतर्कता डॉ वी0 मुरूगेसन द्वारा ट्रैप टीम को नकद पुरस्कार से पुरस्कृत करने की घोषणा की गयी।
उन्होंने अपील करते हुए कहा कि यदि कोई राज्य के सरकारी विभागों में नियुक्त अधिकारी/कर्मचारी एवं लोक सेवक द्वारा लोक कर्तव्य के निर्वहन में अपने आचरण द्वारा या अन्य प्रकार के असम्यक लाभ (पारितोषण) हेतु अवैध मांग या किसी को प्रेरित कराकर रिश्वत (उत्कोच) की मांग की जाती है या उसके द्वारा आय से अधिक अवैध सम्पत्ति अर्जित की गयी हो, तो इस सम्बन्ध में सतर्कता अधिष्ठान के टोल फ्री हैल्पलाइन नम्बर-1064 एवं Whatsapp नम्बर 9456592300 पर सम्पर्क कर भ्रष्टाचार के विरूद्ध अभियान में निर्भीक होकर सूचना दें।












Click it and Unblock the Notifications