'उत्तराखंड के रण' में AAP ने चला नया दांव, पुराने वीडियो के जरिए सीधे सीएम धामी को घेरा
युवाओं को अपने अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुुटे राजनैतिक दल
देहरादून, 3 सितंबर। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में पहली बार चुनाव में किस्मत आजमा रही आम आदमी पार्टी लगातार उत्तराखंड के मुद्दों को उठाकर सीधे-सीधे सत्ताधारी पार्टी बीजेपी को टारगेट करने में जुटी है। आप की नजर अब युवा वोटर पर है। जिसके लिए आप सीधे सीएम पुष्कर सिंह धामी को निशाने पर ले रही है। पहले पोस्टर, होर्डिंग के जरिए धामी को टारगेट किया गया और अब एक पुराना वीडियो जमकर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो के बाद अब आप ने फिर से एक पोस्टर जारी किया है, जिसमें सीएम को युवाओं का विरोधी बताया गया है।

आप के निशाने पर सीएम
उत्तराखंड में तीसरे विकल्प के तौर पर खुद को तैयार कर रही आम आदमी पार्टी बीजेपी को घेरने में जुटी है। आप का पहला निशाना युवा सीएम पुष्कर सिंह धामी हैं, जो कि लगातार युवाओं की विचारधारा को जोड़ने में लगे हैं। लेकिन आप का दावा है कि धामी की छवि युवा विरोधी है। आप ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें कुछ छात्र धामी से बात करते हुए दिख रहे हैं। हालांकि यह वीडियो कब का है और कहां का है। इसके बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। वायरल वीडियो में धामी से युवाओं का संवाद दिखाया गया है। आप का आरोप है कि धामी युवाओं से अहंकारी तरीके से बात कर रहे हैं। ऐसे में युवाओं से बात करना इस सरकार को नहीं आता है। आप ने वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया में एक पोस्टर भी जारी किया है जिसमें आप ने धामी को अहंकारी बताया है। साथ ही लिखा है कि युवाओं को कमजोर नहीं समझना चाहिए, युवा जवाब देंगें। इस तरह से आप सोशल मीडिया के जरिए सीएम धामी को घेरने में जुटे हैं।
भ्रष्ट्राचार का लगाया गंभीर आरोप
इधर चुनाव से पहले बेरोजगारी का मुद्दा भी जोर-शोर से उठने लगा है। आप ने राज्य की बीजेपी सरकार पर भ्रष्ट्राचार के भी गंभीर आरोप लगाए हैं। आप ने उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में अवैध नियुक्तियों को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत को कठघरे में लिया है। आप का आरोप है कि बीजेपी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है, जो ना सिर्फ भ्रष्टाचार को बढावा दे रही है बल्कि अब शिक्षित बेरोजगारों का हक भी छीन रही है। उन्होंने कहा उच्च शिक्षा मंत्री ने साल 2017 और 2019 के बीच सभी नियम कानूनों के खिलाफ जाकर अपने और बीजेपी के चहेतों को उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में पोस्टिंग दिलाई है। आप का आरोप है कि उत्तराखंड ओपन यूनिवर्सिटी को प्राइवेट लिमिटेड कंपनी में तब्दील कर दिया गया है। आप का आरोप है कि उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में सहायक क्षेत्रीय निदेशक के आठ पदों पर नियुक्ति में बड़ा घोटाला हुआ है। इन सभी 8 पदों पर उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और बीजेपी नेताओं के करीबी हैं। इसके बाद आप ने सोशल मीडिया में एक पोस्टर भी जारी किया हैा जिसमें मंत्री के पीआरओ से लेकर यूनिवर्सिटी के कई अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इस प्रकरण से आप ने बीजेपी को घेरने के साथ ही युवाओं और बेरोजगारों को भी अपने पक्ष में लेने की कोशिश की है।












Click it and Unblock the Notifications