38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड ने 24 गोल्ड के साथ लगाया पदकों का शतक,जानिए टॉप थ्री में कौन-कौन
38th National Games: 38वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड का अब तक का प्रदर्शन शानदार रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने 24 गोल्ड, 35 सिल्वर और 42 ब्रॉन्ज मेडल के साथ पदकों का शतक लगाकर अंकतालिका में उत्तराखंड को 7वें स्थान पर पहुंचा दिया है।
गोवा में हुए 37वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखण्ड 25वें पायदान पर था। सर्विसेज 67 गोल्ड 26 सिल्वर 27 ब्रांज समेत 120 के साथ पहले पायदान पर है। महाराष्ट्र 53 गोल्ड 69 सिल्वर और 71 ब्रांज समेत 193 पदक के साथ दूसरे स्थान पर है। हरियाणा 46 गोल्ड 46 सिल्वर और 58 ब्रांज के साथ 150 तीसरे स्थान पर है।

38 वें राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड की टीम ने पदकों की सेंचुरी मारकर इतिहास बना दिया है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर प्रदेश के सभी खिलाड़ियों को बधाई दी है। एक दिन पहले तक उत्तराखंड की टीम 97 पदक जीत कर एकदम शतक के मुहाने पर आ गई थी। शुक्रवार को एक गोल्ड और एक सिल्वर मेडल समेत तीन पदक जीतकर उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने पदकों का शतक पूरा कर लिया।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि पदकों की संख्या के मामले में अभी तक उत्तराखंड का सर्वाधिक स्कोर गोवा में 24 पदक रहा था। अपने पुराने बेस्ट को चार गुना से भी ज्यादा के अंतर से तोड़ना अपने आप में हमारे खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की कहानी को बताता है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि 9 नवंबर 2023 को जैसे ही उत्तराखंड को 38वीं नेशनल गेम्स की मेजबानी की औपचारिक रूप से जिम्मेदारी मिली थी, उसके बाद से ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने खिलाड़ियों के पक्ष में उन बड़े फैसलों से माहौल को बदलना शुरू किया, जिनका नतीजा आज देखने को मिल रहा है।
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना, पदक जीतने पर आउट ऑफ टर्म नौकरी, सरकारी नौकरियों में खिलाड़ियों को 4% आरक्षण, पदक विजेताओं को दोगुनी इनाम राशि, खेल विश्वविद्यालय और महिला स्पोर्ट्स कॉलेज जैसी योजनाओं ने देवभूमि को खेल भूमि बनने की तरफ अग्रसर कर दिया है। खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश के गांव गांव से जो खेल प्रतिभाएं निखरकर इन राष्ट्रीय खेलों में आगे आई है अब हम उन्हें एशियाड और ओलंपिक में चैंपियन बनने के लिए तैयार करेंगे।
नेटबॉल के फाइनल मैच में जैसे ही उत्तराखंड की टीम ने बृहस्पतिवार के शाम देहरादून के महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स स्टेडियम में सिल्वर मेडल जीता, इसके साथ ही उत्तराखंड की मेडल की सेंचुरी पूरी हो गई। इन राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड को कुछ ऐसे खिलाड़ी मिले जिन्होंने गोल्ड मेडल की लाइन लगा दी। मॉडर्न पेंटाथ्लान में हमारे दो एथलीट्स सक्षम सिंह और ममता खाती ने एक ही दिन में तीन-तीन गोल्ड मेडल जीतकर गोल्डन हैट्रिक लगाई।
अंकित ध्यानी ने एथलेटिक्स में झंडा गाडते हुए पहले 3000 मी स्टीपलचेज इवेंट में गोल्ड जीता और उसके बाद 5000 मीटर दौड में भी अंकिता गोल्ड लेकर आई। कैनोइंग और क्याकिंग में भी पी.सोनिया ऐसी खिलाड़ी रही जिन्होंने दो गोल्ड मेडल जीते हैं।
38वें नेशनल गेम्स के 16वें दिन 46वीं वाहिनी पीएसी मे महिला व पुरुष वर्ग की मिश्रित प्रतियोगिता के विजेताओं को खेल मंत्री रेखा आर्य ने पुरस्कृत किया| प्रतियोगिता में हरियाणा ने गोल्ड,पंजाब ने रजत और तेलेंगाना ने कांस्य पदक पर अपना कब्जा जमाया। रुद्रपुर में चल रहे 38वें नेशनल गेम्स के तहत आज 46वीं वाहिनी पीएसी मे ट्रैप शूटिंग प्रतियोगिता के 16वें दिन महिला व पुरुष वर्ग मिश्रित प्रतियोगिता हुआ। जिसमें हरियाणा के ईशान सिंह और रायजा ढिल्लन ने गोल्ड मैडल हासिल किया जबकि पंजाब के गनीमत शेखों और भावतेग सिंह गिल को रजत पदक मिला। वही तेलेंगाना के मुनक बैतूल और राष्ममी राठौर को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications