UP में योगी सरकार ने बदला अपना फैसला; रविवार, चेहल्लुम और जन्माष्टमी पर अब नहीं खुलेंगे स्कूल
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने अपना पिछला आदेश पलटते हुए कहा है कि अब सरकारी छुट्टियों के दिन स्कूल नहीं खोले जाएंगे।
School Holidays in UP: उत्तर प्रदेश सरकार ने अपने उस फैसले को वापस ले लिया है जिसमें कहा गया था कि रविवार, चेहल्लुम और जन्माष्टमी के अवसर पर भी स्कूल खुले रहेंगे। सरकार ने कहा है कि अवकाश के दिन होने वाला काम अब अगले दिन के कार्यदिवस पर किया जाएगा और इस दिन पहले की तरह छुट्टियां ही रहेंगी।

01 से 15 सितंबर तक मनेगा सफाई पखवाड़ा
जानकारी के अनुसार, परिषदीय और माध्यमिक विद्यालयों में एक सितंबर से 15 सितंबर तक सफाई पखवाड़ा मनाया जाएगा। पखवाड़े के दौरान हर दिन स्कूलों में कोई न कोई कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। ऐसे में स्कूलों को हर दिन खोलने का आदेश दिया गया था।
सरकार ने रद्द कर दी थी सरकारी छुट्टियां
अधिकारियों की माने तो इस दौरान 3 और 10 सितंबर को रविवार, 6 सितंबर को चेहल्लुम और 7 सितंबर को जन्माष्टमी की छुट्टी पहले रद्द कर दी गई थी लेकिन अब स्कूली शिक्षा के महानिदेशक विजय किरण आनंद की ओर से इस आशय का आदेश जारी किया गया है कि अब स्कूलों में इस दिन अवकाश ही रहेगा। जबकि इस दिन होने वाले कार्यक्रम अगले कार्यदिवस पर किए जाएंगे।
सरकार ने पहले भी रद्द किया था अवकाश
पिछले आदेश में कहा गया था कि ये चारों छुट्टियां अगले महीने के लिए टल जाएंगी। हालांकि इससे पहले मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत मोहर्रम का अवकाश रद्द कर दिया गया था। वहीं चंद्रयान-3 की लैंडिंग का सीधा प्रसारण दिखाने के लिए 23 अगस्त को स्कूलों को शाम तक खोला गया था जिसको लेकर शिक्ष संघ ने अपना विरोध भी जताया था।












Click it and Unblock the Notifications