100 दिन के एजेंडे को पूरा करने में जुटे योगी, जानिए अपने मंत्रियों को क्यों दी ये 5 बड़ी नसीहतें
लखनऊ, 16 अप्रैल: उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ दूसरी बार सीएम बनने के बाद एक्शन में हैं। एक तरफ जहां वो अफसरों को लेकर आक्रामक रुख अख्तियार किए हुए हैं वहीं दूसरी ओर अपने मंत्रियों को भी वह अच्छा करने की नसीहतें दे रहे हैं। आम चुनाव 2024 को लेकर पिछले दिनों योगी और उनके दोनों डिप्टी सीएम की मोदी से मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद योगी उसी दिशा में आगे बढ़ रहे हैं और उनका पूरा फोकस बीजेपी के लोककल्याण पत्र और केंद्र और राज्य सरकार की उन योजनाओं पर हैं जिससे बड़े पैमाने पर आम लोगों को लाभ मिलने वाला है। इसी को लेकर वह पिछले कई दिनों से मंत्रियों का प्रेजेंटेशन ले रहे हैं जिसमें उन्होंने उनको पांच नसीहतें दी हैं।

विभागीय कामों को लेकर डेडलाइन सेट करें
सीएम योगी आदित्यनाथ पिछले तीन दिनों से लगातार मंत्रियों का प्रजेंटेशन ले रहे हैं। बैठक के दौरान उन्होंने मंत्रियों से कहा है कि जो भी विभागीय काम हैं उनकी एक डेडलाइन तय कर उसे समय सीमा के अंदर पूरा करने की कोशिश करें। काम में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों पर खासतौर पर नजर रखें। डेडलाइन के भीतर काम हर हाल में पूरा हो इसके लिए लगातार कार्ययोजना को लेकर सक्रिय रहें ताकि लापरवाही न होने पाए। सरकार ने 100 दिनों का जो एजेंडा सेट किया है उसे हर हाल में पूरा करना है।

अधिकारियों को दिए गए कामों का फीडबैक लें
सीएम योगी ने मंत्रियों से कहा है कि विभागीय काम को पूरा करते समय उसका फीडबैक भी लें और उसको उसी हिसाब से निपटाने का प्रयास करें। अधिकारियों से फीडबैक लेने से योजना को सही तरह से अमली जामा पहनाया जा सकेगा। फीडबैक लेने के बाद फिर उस योजना को लेकर दोगुने उत्साह से काम करें। ध्यान रखें कि काम की जो रुपरेखा तैयार की गई है उसे हर हाल में पूरा करें। ऐसा नहीं कि सिर्फ योजनाओं के क्रियान्वयन का फीडबैक ही लिया जाए। फीडबैक में जो नकारत्मक चीजें सामने आएं उसे समय के भीतर ठीक करने का प्रयास करें।

जिलों का दौरा करते समय निजी होटल की बजाय गेस्ट हाउस में रुकें
मंत्रियों के दौरे को लेकर भी सीएम ने बड़ी हिदायत दी है। सीएम ने कहा है कि जब भी आप अपने जिले के दौरे पर जाएं या सरकारी दौरे पर जाएं तो निजी होटल में रुकने की बजाए सरकारी गेस्ट हाउस में ही रुकें। अधिक तामझाम अपनाने की बजाए लो प्रोफाइल रहकर काम करें। अपने दौरे के समय अतिरिक्त खर्चे करने से बचें ताकि उसका इस्तेमाल अन्य चीजों पर किया जा सके। आपको सरकार ने बड़ी जिम्मेदारी दी है तो उस लिहाज से काम भी दिखना चाहिए।

राज्य सरकार की योजनाओं की मॉनिटरिंग करें
सीएम ने कहा है कि राज्य सरकार के साथ ही केंद्र सरकार की तरफ से चलायी जा रही योजनाओं के बारे में भी जानकारी अवश्य लें। योजनाओं की लगातार मानिटनिंग करना बहुत जरूरी है ताकि उसमें जो खामियां आ रही हैं उन्हें सही समय से दूर किया जा सके। खामियां पता चलने पर उसको लेकर अधिकारियों से चर्चा करें और उसपर लगातार काम करें और दूर करने का प्रयास करें। प्रजेंटेशन के बाद जो भी टास्क मिल रहे हैं उन्हें पूरा करना आपका काम है। इसमें किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

100 दिन के एजेंडे को लेकर दिए गए टास्क की समीक्षा करें
सरकार बनने के बाद से ही योगी ने 100 दिन का एजेंडा सेट किया है। इसके अनुसार ही सारे विभागों का प्रजेंटेशन हो रहा है। योगी ने यूपी के सभी विभागों को छह सेक्टर में बांटा है और उसी हिसाब से उसका प्रजेंटेशन चल रहा है। प्रजेंटेशन का मकसद यही है कि विभाग की कार्य संस्कृति को सुधारा जाए और वहां से बेहतर रिजल्ट प्राप्त किया जाए। इसलिए जो भी प्रजेंटेशन में मिले टास्कर की तिमाही और छमाही के हिसाब से टास्क बनाएं और उसकी समीक्षा करें।












Click it and Unblock the Notifications