प्राण प्रतिष्ठा के बाद बोले सीएम योगी -आखिर भारत को इसी दिन की तो प्रतीक्षा थी
अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम पर खुशी जाहिर करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि समाज के हर वर्ग के लोगों की दशकों से प्रतीक्षा आज समाप्त हो गई। यह गर्व और संतोष दोनों का भाव है। कई पीढ़ियां इस पल का इंतजार कर रही थीं। आखिरकार वह दिन आ ही गया।
मुख्यमंत्री ने कहा आज रघुनंदन राघव राम लला हमारे हृदय के भावों से भरे संकल्प स्वरूप सिंघासन पर विराज रहे हैं। आज हर राम भक्त के हृदय में प्रसन्नता है, गर्व है और संतोष के भाव हैं। आखिर भारत को इसी दिन की तो प्रतीक्षा थी। भाव-विभोर कर देने वाले इस दिन की प्रतीक्षा में लगभग पांच शताब्दी व्यतीत हो गई।

दर्जनों पीढ़ियां अधूरी कामना लिए इस धरा धाम के साकेत धाम में लीन हो गए, लेकिन प्रतीक्षा और संघर्ष का क्रम सतत जारी रहा। श्री राम जन्मभूमि संभवत: विश्व में पहला ऐसा प्रकरण होगा जिसमे किसी राष्ट्र के बहुसंख्यक समाज ने अपने ही देश में अपने अराध्य की जन्मस्थली पर मंदिर निर्माण के लिए इतने वर्षों तक और इतने स्तरों पर लड़ाई लड़ी हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों, पुजारियों, नागाओं, निहंगों, बुद्धिजीवियों, राजनेताओं, जनजातियों सहित समाज के हर वर्ग ने जात-पात, विचार दर्शन और उपासना पद्धति से ऊपर उठकर राम राज काज के लिए स्वयं को समर्पित किया। आखिरकार वह शुभ अवसर आ ही गया जब कोटि-कोटि आस्थावानों के त्याग को पूर्णता प्राप्त हो रही है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने इस बात को भी दोहराया कि आज आत्मा प्रफुल्लित है कि मंदिर वहीं बना है जहां बनाने का संकल्प लिया था। संकल्प और साधना की सिद्धी के लिए हमारी प्रतीक्षा की समाप्ति के लिए और संकल्प की पूर्णता के लिए पीएम मोदी का आभार और अभिनंदन।












Click it and Unblock the Notifications