अटल बिहारी वाजपेयी को योगी आदित्यनाथ ने दी श्रद्धांजलि, बोले- उनका जीवन सदैव हमें प्रेरित करेगा
देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें याद करते हुए विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि वह हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे।
पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का जन्म 25 दिसंबर 1924 को मध्य प्रदेश के ग्वालियर में हुआ था। अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है।

पूर्व पीएम अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा भारत की आत्मा को झंकृत करने वाले जननेता, भारतीय राजनीति के शिखर पुरुष, पूर्व प्रधानमंत्री, 'भारत रत्न' श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी जी की जयंती पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! अटलजी के विचार सुशासन की नींव हैं, जो हमें सदैव प्रेरित करते रहेंगे। सभी को 'सुशासन दिवस' की शुभकामनाएं!
योगी आदित्यनाथ ने अटल बिहारी वाजपेयी की पंक्तियों हिंदू तनमन, हिंदू जीवन, रग-रग हिंदू को दोहराते हुए कहा कि जिन मूल्यों के लिए अटल जी ने जिया था उसमे प्रभु राम का भव्य मंदिर भी है। 25 दिसंबर 1924 को अटल जी का जन्म हुआ था, अगले वर्ष उनका शताब्दी वर्ष भी है। अगले वर्ष हमे भव्य समारोह देखने को मिलेगा।
सीएम योगी ने कहा कि अटल जी ने कहा था कि मुझे इतनी ऊंचाई कभी मत देना कि गैरों को गले ना लगाऊं। अटल जी के भीतर की संवेदना को इस वक्तव्य से समझा जा सकता है। उन्होंने भारत को एक नई दिशा दी थी, यह हमारा गौरव है कि उन्होंने जो मार्ग प्रशस्त किया हम उसे आगे बढ़ा रहे हैं।
बता दें कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के 10वे प्रधानमंत्री थे। बतौर प्रधानमंत्री 1996 में उनका पहला कार्यकाल 13 दिन का था, इसके बाद वह 13 महीनों के लिए 1998 में प्रधानमंत्री बने। इसके बाद 1999 में अटल बिहारी वाजपेयी 5 साल के लिए देश के प्रधानमंत्री बने। अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक सदस्यों में से एक थे। वह आरएसएस के सदस्य भी थे। कांग्रेस पार्टी से इतर वह पहले ऐसे प्रधानमंत्री थे जिन्होंने 5 साल का अपना कार्यकाल पूरा किया था।












Click it and Unblock the Notifications