अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लेने पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ
अयोध्या में 22 जनवरी को होने वाले प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारी जोरों पर चल रही है। खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस कार्यक्रम की तैयारी की समीक्षा कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के महासचिव चंपत राय के साथ अयोध्या में राम मंदिर का दौरा किया और यहां प्राण प्रतिष्ठा स्थल की तैयारियों का जायजा लिया। यहां मंदिर के गर्भगृह में मुख्यमंत्री ने पूजा अर्चना भी की। गर्भगृह के बाद मुख्यमंत्री हनुमानगढ़ी मंदिर भी पहुंचे और यहां उन्होंने पूजा अर्चना की।
गौर करने वाली बात है कि 22 जनवरी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम की तैयारी तेजी से चल रही है। 22 जनवरी को भगवान राम बलरामस्वरूप मंदिर में अपने नवनिर्मित रूप में विराजमान होंगे। भगवान राम के इस भव्य मंदिर को 2.70 एकड़ में विकसित किया जा रहा है। यहां तीन मंजिला मंदिर राम के धाम का एक हिस्सा है, जबकि पूरे कॉम्पलेक्स को मंदिर धाम के नाम से जाना जाएगा। इसे पूरा होने में अभी 8-10 महीने और लगेंगे। रिपोर्ट की मानें तो मंदिर पूरी तरह से अक्टूबर माह में बनकर तैयार होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 22 जनवरी को गर्भगृह में प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। इस गर्भगृह को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यहां पर कुल 160 खंबे बने हैं। मुख्य द्वार की बात करें तो यहां पर सि्ंहद्वार स्थापित है। इसका काम तकरीबन पूरा हो चुका है। यहां अलग-अलग मूर्तियों को स्थापित करने का काम तेजी से चल रहा है। सिंहद्वार के करीब दीप स्तंभ भी बनाया जा रहा है। फर्स्ट फ्लोर पर राम दरबार को स्थापित किया जाएगा, जिसका काम अंतिम दौर पर है। यहां नृत्य मंडप, रंग मंडप, सभा मंडप, प्रार्थना और कीर्तन मंडल भी तैयार किया जा रहा है। साथ ही मंदिर की सुरक्षा के लिए 732 मीटर लंबे परकोटे को तैयार किया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य चल रहा है, जिसे जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications