क्या UP चुनाव लड़ेगी CJP? अखिलेश यादव से घंटेभर बंद कमरे में मिले आशुतोष रांका, मीटिंग की इनसाइड स्टोरी
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बीच हुई एक मुलाकात ने सियासी हलचल बढ़ा दी है। सीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने लखनऊ में सपा अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मुलाकात की। दोनों के बीच करीब डेढ़ घंटे तक बंद कमरे में बातचीत हुई। सपा मुख्यालय के पास जनेश्वर मिश्र ट्रस्ट के दफ्तर में शाम करीब 4 बजे हुई इस बंद कमरा मुलाकात के बाद से यह सवाल हर तरफ तैर रहा है कि क्या सीजेपी आगामी यूपी चुनाव में किस्मत आजमाएगी या अखिलेश यादव का हाथ थामेगी। या चुनाव में सपा को समर्थन करेगी।
फिलहाल सपा और सीजेपी दोनों ने इस मुलाकात को किसी चुनावी गठजोड़ का संकेत नहीं बताया है। सपा की तरफ से इसे जंतर-मंतर आंदोलन में समर्थन देने के लिए धन्यवाद की मुलाकात बताया गया है। लेकिन बैठक की टाइमिंग ने राजनीतिक चर्चाओं को जरूर हवा दे दी है। अगले साल की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव होने हैं और ऐसे में किसी नए राजनीतिक समीकरण की संभावना को नजरअंदाज करना आसान नहीं है।

अखिलेश यादव और आशुतोष रांका की मुलाकात के मायने
अखिलेश यादव और आशुतोष रांका की यह बैठक इसलिए भी बेहद खास मानी जा रही है क्योंकि हाल के दिनों में सीजेपी ने युवाओं, बेरोजगारी और सरकारी स्कूलों की स्थिति पर बड़ा आंदोलन खड़ा किया है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव भी लगातार राज्य में बंद हो रहे प्राथमिक स्कूलों और युवा बेरोजगारी को लेकर योगी सरकार पर हमलावर रहे हैं।
सूत्रों की मानें तो इस डेढ़ घंटे की गुफ्तगू में 'जेन जी' (Gen Z) और 'जेन अल्फा' (Gen Alpha) की प्राथमिकताओं के साथ-साथ राजस्थान में 'स्कूल ठीक करो' मुहिम के दौरान रांका पर हुए हमले के मुद्दे पर भी गहन मंथन हुआ।
बैठक खत्म होने के बाद आशुतोष रांका मीडिया से बात किए बिना वहां से निकल गए। सपा की तरफ से भी उस समय बैठक के एजेंडे या उसके नतीजे को लेकर कोई विस्तृत बयान नहीं दिया गया। यही वजह है कि मुलाकात को लेकर कई तरह के कयास शुरू हो गए।
सपा के मुख्य प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने मुलाकात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि बातचीत में युवाओं, बेरोजगारी और स्कूलों की स्थिति जैसे मुद्दे उठे होने की संभावना है। यानी जो बातें सामने आई हैं, उनका फोकस फिलहाल युवाओं और शिक्षा से जुड़े सवालों पर ही दिखता है।
सूत्रों के मुताबिक, पिछले महीने राजस्थान में सीजेपी के 'स्कूल ठीक करो' अभियान के दौरान आशुतोष रांका पर कथित हमला हुआ था। इस घटना को लेकर अखिलेश यादव ने सार्वजनिक तौर पर मुद्दा उठाया था। माना जा रहा है कि दोनों नेताओं के बीच हुई बातचीत में छात्रों की समस्याओं के साथ जेन जी और जेन अल्फा से जुड़े सवाल भी आ सकते हैं। हालांकि, बैठक के अंदर वास्तव में किन मुद्दों पर बात हुई, इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

क्या CJP को UP चुनाव लड़ने का ऑफर मिलेगा?
मुलाकात के बाद सबसे ज्यादा चर्चा इसी सवाल की है। क्या सीजेपी उत्तर प्रदेश में उम्मीदवार उतारेगी या फिर सपा के साथ खड़ी होगी। सीजेपी की ओर से अभी ऐसा कोई ऐलान नहीं किया गया है। पार्टी की नेता रत्ना सिंह से जब पूछा गया कि अगर अखिलेश यादव और राहुल गांधी चुनाव में समर्थन देते हैं, तो क्या वह चुनाव लड़ेंगी, तो उन्होंने भविष्य को लेकर कोई सीधा वादा नहीं किया।
उन्होंने कहा, "मैं भविष्य के बारे में अभी कुछ तय करके नहीं चलती। मैं वर्तमान में जीती हूं और फैसले भी उसी समय लेती हूं। इसलिए अभी यह कहना मुश्किल है कि आगे चुनाव लड़ूंगी या सीजेपी के साथ किस भूमिका में रहूंगी। जो उस वक्त सही लगेगा, वही करूंगी।" इस जवाब से इतना जरूर साफ है कि सीजेपी ने चुनावी राजनीति की संभावना को पूरी तरह बंद नहीं किया है। लेकिन अभी इसे सपा के साथ गठबंधन या सीट समझौते का पक्का संकेत मानना जल्दबाजी होगी।

सपा क्यों बता रही है इसे सिर्फ धन्यवाद की मुलाकात?
सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने मुलाकात को लेकर साफ कहा कि आशुतोष रांका अखिलेश यादव से धन्यवाद देने के लिए मिले थे। उनके मुताबिक, सपा ने जंतर-मंतर पर सीजेपी के छात्र आंदोलन का समर्थन किया था और इस मुद्दे को संसद में भी उठाया था।
फखरुल हसन चांद ने कहा, "सीजेपी के प्रवक्ता अखिलेश यादव से मिले थे। इसकी वजह आंदोलन के दौरान समाजवादी पार्टी की तरफ से मिले समर्थन के लिए आभार जताना थी। सपा ने युवाओं के मुद्दे को सदन में उठाया था और जंतर-मंतर के प्रदर्शन का भी समर्थन किया था। सीजेपी आगे क्या राजनीतिक फैसला लेगी, इस पर समाजवादी पार्टी कोई टिप्पणी नहीं करना चाहती।" यानी सपा फिलहाल इस मुलाकात को राजनीतिक गठबंधन की बातचीत के तौर पर पेश नहीं कर रही है।
सुभासपा प्रमुख ओपी राजभर ने कहा,"अखिलेश यादव की जमीन खिसक चुकी है, इसलिए अब उन्हें अपनी राजनीति चमकाने के लिए तिलचट्टों का ही सहारा नजर आ रहा है।"
फिर यह बैठक इतनी अहम क्यों मानी जा रही है?
इसका सबसे बड़ा कारण है उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव। चुनाव अगले साल की शुरुआत में होने हैं। सपा लगातार बेरोजगारी, शिक्षा और महंगाई जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरती रही है। अखिलेश यादव स्कूल बंद होने के मुद्दे पर भी कई बार सवाल उठा चुके हैं।
उन्होंने प्राथमिक स्कूलों की स्थिति को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। ऐसे में सीजेपी के छात्र-केंद्रित आंदोलन और सपा की राजनीति के बीच मुद्दों का मेल जरूर दिखाई देता है। यही वजह है कि राजनीतिक नजरिए से देखें तो बैठक भले ही धन्यवाद देने के लिए हुई हो, लेकिन दोनों पक्षों के मुद्दों में कुछ समानता जरूर है।

CJP और सपा का कनेक्शन नया नहीं, जंतर-मंतर से शुरू हुई नजदीकी?
सीजेपी पिछले कुछ महीनों से छात्रों और शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर देशभर में सक्रिय रही है। दिल्ली के जंतर-मंतर आंदोलन के दौरान सपा के कई नेता प्रदर्शनकारी छात्रों के समर्थन में पहुंचे थे। सपा सांसद डिंपल यादव और आजमगढ़ से सांसद धर्मेंद्र यादव भी प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे थे।
आंदोलन के दौरान पुलिस की ओर से कथित लाठीचार्ज के बाद विपक्षी नेताओं ने छात्रों के साथ एकजुटता दिखाई थी। अखिलेश यादव ने भी अलग-अलग मौकों पर सीजेपी के छात्र आंदोलन के समर्थन में बयान दिए थे। यानी रांका और अखिलेश की मुलाकात अचानक शुरू हुई कहानी नहीं है। इसके पीछे पिछले कुछ महीनों में छात्रों से जुड़े मुद्दों पर बनी नजदीकी भी है।
NDA से भी आया था CJP को ऑफर, फिर अभिजीत दीपके ने क्यों ठुकराया?
सीजेपी के राजनीतिक विकल्पों को लेकर चर्चा इसलिए भी दिलचस्प है क्योंकि पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके को कुछ समय पहले केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने एनडीए में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था।
अभिजीत दीपके ने इस प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया था। उन्होंने इसके पीछे की मंशा पर सवाल भी उठाए थे। ऐसे में एक तरफ एनडीए की ओर से आया प्रस्ताव और दूसरी तरफ सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के साथ सीजेपी प्रवक्ता की मुलाकात, दोनों घटनाएं पार्टी के संभावित राजनीतिक रुख को लेकर सवाल खड़े करती हैं। हालांकि अभी तक सीजेपी ने किसी गठबंधन का ऐलान नहीं किया है।
5 सितंबर का मार्च क्यों वापस लिया गया था?
सीजेपी ने हाल में दिल्ली में 5 सितंबर को इंडिया गेट से मार्च निकालने का ऐलान किया था। बाद में पार्टी ने यह कार्यक्रम वापस ले लिया। सीजेपी का कहना था कि सरकार ने जुलाई में जो वादे किए थे, उन्हें पूरा नहीं किया गया। बाद में एफआईआर वापस लेने और मुआवजे के ऐलान के बाद पार्टी ने सरकार के फैसलों का स्वागत किया और प्रस्तावित मार्च रद्द कर दिया। सीजेपी अभी भी आंदोलन की राजनीति और छात्र मुद्दों पर सक्रिय है। लेकिन उत्तर प्रदेश चुनाव में उसकी भूमिका क्या होगी, यह अब भी खुला सवाल है।
तो क्या अखिलेश यादव के साथ CJP का चुनावी गठबंधन होगा?
अभी इसका जवाब नहीं में है। कम से कम सार्वजनिक तौर पर सपा या सीजेपी ने ऐसा कोई फैसला घोषित नहीं किया है। फिलहाल सामने आई जानकारी में मुलाकात को समर्थन के लिए धन्यवाद और युवाओं, शिक्षा तथा बेरोजगारी जैसे मुद्दों से जोड़कर देखा जा रहा है।
लेकिन राजनीतिक समीकरण में टाइमिंग काफी मायने रखती है। उत्तर प्रदेश चुनाव करीब हैं। सीजेपी का छात्र आंदोलन का आधार है। सपा भी युवाओं और शिक्षा के मुद्दों को लगातार उठा रही है। ऐसे में दोनों के बीच संवाद बढ़ता है या यह मुलाकात सिर्फ एक औपचारिक बातचीत बनकर रह जाती है, इस पर सबकी नजर रहेगी।


Click it and Unblock the Notifications
