'रात 12 बजे तक कहां थी'? सवाल पर भड़की पत्नी, पति पर फेंका एसिड
कानपुर में एक घरेलू झगड़े के बाद पति को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। उसकी पत्नी ने उस पर तेजाब फेंक दिया था।

उत्तर प्रदेश के कानपुर में घरेलू झगड़े ने ऐसा मोड़ लिया कि पति को अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा। पति की गलती बस इतनी थी कि उसने पत्नी से देर से घर आने की वजह पूछ ली थी। बाद में घायल पति ने कलक्टरगंज थाने में अपनी ही पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज करवाया, जिस पर उसे गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के मुताबिक डब्बू गुप्ता शनिवार को अपने कूपरगंज स्थित घर में थे। उनकी पत्नी रात को साढ़े 12 बजे घर वापस लौटकर आई। उन्होंने नाराज होकर इतनी देर से घर आने की वजह पूछी। जिससे पत्नी ने लड़ाई शुरू कर दी। पीड़ित पति के मुताबिक लड़ाई के बीच में उसने पत्नी पर हाथ उठा दिया, जिससे वो और ज्यादा भड़क गई। इसके बाद वो सीधे बाथरूम गई और वहां पर रखी एसिड की बोतल उठा लाई।
डब्बू के मुताबिक वो कुछ समझ पाता, उससे पहले उसकी पत्नी ने उसके मुंह पर एसिड फेंक दिया, जिससे उसका चेहरा झुलस गया। इसके बाद उसे अस्पताल जाना पड़ा। फिलहाल उसकी स्थिति अब सही है। उसने अपनी पत्नी के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है, जिस पर कार्रवाई की जा रही।
'पति की भी आदत गलत'
पड़ोसियों के मुताबिक डब्बू की कुछ आदतें गलत हैं, जिससे उसकी पत्नी परेशान थी। इस वजह से वो भी मनमानी करती और दोनों में जमकर झगड़ा होता है। शनिवार को भी उनमें सामान्य लड़ाई हो रही थी, लेकिन पत्नी ने आपा खो दिया और उसने अपने पति पर एसिड फेंका।
बरेली में भी ऐसी घटना
आपको बता दें कि पिछले साल बरेली में भी ऐसी घटना सामने आई थी। उस वक्त रोजाना की लड़ाई से परेशान महिला ने पति पर तेजाब फेंक दिया था। बाद में उसने सफाई में कहा कि मुझे लगा था कि वो गर्म पानी है, ऐसे में उसने बचने के लिए पति पर फेंका। हालांकि बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था।












Click it and Unblock the Notifications