कौन हैं मायावती के भतीजे आकाश आनंद? बहन जी बोलीं-'अभी वो मैच्योर नहीं', कब-कब मिला मौका और कब छिना पद?
Mayawati Akash Anand: बहुजन समाज पार्टी (BSP) की सुप्रीमो मायावती ने एक बार फिर अपने भतीजे आकाश आनंद को पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी से दूर कर दिया है। राष्ट्रीय संयोजक का पद जाने के साथ ही उन्हें लखनऊ में हुई राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक से भी बाहर रखा गया। मायावती ने साफ कहा कि आकाश को अभी राजनीतिक तौर पर और परिपक्व होने की जरूरत है। उनके मुताबिक, जब विधानसभा चुनाव करीब हैं, तब पार्टी की कमान ऐसे नेता के हाथ में देना ठीक नहीं होगा, जो विरोधियों के हर तरह के राजनीतिक दांव से निपटने के लिए अभी पूरी तरह तैयार नहीं है।
यह पहली बार नहीं है, जब मायावती ने आकाश को आगे बढ़ाया और फिर पीछे किया हो। आकाश आनंद का बसपा में सफर पिछले कुछ सालों में कई उतार-चढ़ाव से गुजरा है। कभी उन्हें उत्तराधिकारी बनाया गया, कभी राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी मिली, फिर पद छीना गया और पार्टी से बाहर तक कर दिया गया। इसके बाद वापसी हुई और दोबारा बड़ी जिम्मेदारियां मिलीं। अब एक बार फिर तस्वीर बदल गई है।

कौन हैं आकाश आनंद? (Who Is Akash Anand?)
आकाश आनंद, मायावती के छोटे भाई आनंद कुमार के बेटे हैं। उनका जन्म 1995 में नोएडा में हुआ। शुरुआती पढ़ाई नोएडा और गुरुग्राम में हुई। इसके बाद उन्होंने लंदन की यूनिवर्सिटी ऑफ प्लाईमाउथ से 2013 से 2016 के बीच एमबीए की पढ़ाई पूरी की।
भारत लौटने के बाद आकाश ने कारोबार शुरू किया और पिता के बिजनेस को भी संभाला। कुछ बड़ी कंपनियों के साथ काम करने का अनुभव भी उनके पास रहा। इसके बाद 2016 में उन्होंने सक्रिय राजनीति में कदम रखा। उनकी निजी जिंदगी की बात करें तो आकाश ने बसपा के पूर्व राज्यसभा सांसद अशोक सिद्धार्थ की बेटी डॉ. प्रज्ञा से शादी की है।
मायावती ने 2017 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में बसपा के खराब प्रदर्शन के बाद आकाश को सार्वजनिक तौर पर राजनीति में आगे किया। युवा वोटरों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारी भी उन्हें दी गई।
जानिए आकाश आनंद को कब-कब मिला मौका और कब छिना पद?
2019 के लोकसभा चुनाव में आकाश आनंद को बसपा के स्टार प्रचारकों में जगह मिली। इसी दौर में बसपा और समाजवादी पार्टी का गठबंधन टूट चुका था। पार्टी ने आकाश को राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी दी।
इसके बाद वह सोशल मीडिया पर भी लगातार सक्रिय नजर आए। युवा वर्ग तक बसपा की बात पहुंचाने की कोशिश की। पार्टी के सोशल इंजीनियरिंग वाले राजनीतिक मॉडल को नई पीढ़ी के बीच ले जाने की कोशिश भी की।

10 दिसंबर 2023: मायावती ने बनाया अपना उत्तराधिकारी
आकाश के राजनीतिक सफर में सबसे बड़ा मोड़ 10 दिसंबर 2023 को आया। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के पार्टी नेताओं की बैठक में मायावती ने उन्हें अपना राजनीतिक उत्तराधिकारी घोषित किया। इसके साथ ही आकाश का कद बसपा में अचानक काफी बढ़ गया। वह सिर्फ मायावती के भतीजे नहीं रहे, बल्कि पार्टी के भविष्य के चेहरे के तौर पर देखे जाने लगे। लेकिन यह दौर ज्यादा लंबा नहीं चला।
7 मई 2024: 'अपरिपक्व' कहकर छीनीं सारी जिम्मेदारियां
लोकसभा चुनाव के बीच आकाश आनंद के कुछ बयानों पर विवाद हुआ। इसके बाद 7 मई 2024 को मायावती ने उनसे उत्तराधिकारी और राष्ट्रीय समन्वयक समेत सभी बड़ी जिम्मेदारियां वापस ले लीं।
मायावती ने उस समय कहा था कि आकाश अभी पर्याप्त राजनीतिक परिपक्वता हासिल नहीं कर पाए हैं। यह फैसला इसलिए भी बड़ा था, क्योंकि कुछ महीने पहले ही उन्हें पार्टी का भविष्य बताया गया था। हालांकि करीब 47 दिन बाद मायावती ने अपना फैसला बदल दिया।
23 जून 2024: फिर लौटे आकाश, वापस मिला बड़ा पद
23 जून 2024 को आकाश आनंद को दोबारा मायावती का उत्तराधिकारी बनाया गया। साथ ही उन्हें फिर से राष्ट्रीय समन्वयक की जिम्मेदारी भी मिल गई। यानी पार्टी नेतृत्व ने उन्हें एक और मौका दिया। उस समय उनकी वापसी को मायावती के भरोसे की वापसी के तौर पर देखा गया। लेकिन कुछ ही महीनों बाद कहानी फिर पलट गई।
मार्च 2025: पार्टी से बाहर तक कर दिए गए
2 मार्च 2025 को आकाश से फिर सभी जिम्मेदारियां छीन ली गईं। इसके अगले दिन यानी 3 मार्च 2025 को मायावती ने उन्हें बसपा से ही बाहर कर दिया। मायावती ने कहा था कि आकाश को अपनी गलतियों पर विचार करके राजनीतिक परिपक्वता दिखानी चाहिए थी।
उनके मुताबिक, आकाश अपने ससुर के प्रभाव में आकर स्वार्थी और अहंकारी हो गए थे। यह कार्रवाई उनके राजनीतिक करियर का सबसे बड़ा झटका थी। फिर एक बार मायावती का रुख बदला।
13 अप्रैल को माफी, 18 मई को फिर बड़ी जिम्मेदारी
13 अप्रैल 2025 को मायावती ने आकाश को माफ कर दिया। हालांकि उस समय उन्होंने साफ किया था कि उन्हें तत्काल अपना उत्तराधिकारी नहीं बनाया जाएगा। करीब एक महीने बाद 18 मई को आकाश को फिर चीफ नेशनल को-ऑर्डिनेटर बनाया गया। मायावती ने इसे उन्हें दिया गया दूसरा मौका बताया। इसके बाद 29 अगस्त को पार्टी में राष्ट्रीय संयोजक का नया पद बनाया गया और आकाश आनंद को इस पद की जिम्मेदारी सौंप दी गई। लेकिन अब फिर उनके हाथ से यह जिम्मेदारी चली गई है।
इस बार मायावती ने क्यों हटाया?
मायावती का ताजा संदेश काफी साफ है। उनका कहना है कि आकाश को अभी राजनीतिक रूप से और तैयार होने की जरूरत है। चुनाव करीब हैं और ऐसे वक्त में पार्टी को ऐसा नेतृत्व चाहिए, जो विरोधियों के साम, दाम, दंड और भेद जैसे राजनीतिक हथकंडों का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार हो।
मायावती ने यह भी कहा कि उनके छोटे भाई आनंद कुमार और परिवार के लोगों का पार्टी के काम में सहयोग करना अलग बात है। लेकिन वह परिवार के सदस्यों को चुनाव लड़ाने या सत्ता में आने पर सरकारी पद देने की सोच के पक्ष में नहीं हैं।
उन्होंने अपने राजनीतिक गुरु कांशीराम की नीति का जिक्र करते हुए कहा कि बसपा का मकसद शोषित समाज को सत्ता में भागीदारी दिलाना है। उनके लिए पार्टी के हित में काम करने वाला व्यक्ति ही अहम है, चाहे वह अपना हो या बाहरी।
अब छोटे भाई ईशान की एंट्री क्यों चर्चा में है?
मायावती की ताजा बैठक में पहली बार आकाश के छोटे भाई ईशान भी नजर आए। वह बसपा का पटका पहनकर अपने पिता आनंद कुमार के साथ पहुंचे। मायावती के बैठने तक ईशान उनके साथ खड़े रहे।
ईशान इससे पहले 2024 में मायावती के जन्मदिन पर भी आकाश के साथ पार्टी कार्यालय पहुंचे थे। बैठक में बसपा के दिवंगत विधायक उमाशंकर सिंह के बेटे युकेश सिंह भी शामिल हुए। बताया गया कि तीन दिन पहले मायावती ने दोनों को पार्टी में सार्वजनिक तौर पर आगे बढ़ाया था।
2027 के लिए बसपा का नया प्लान क्या है?
मायावती ने राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में 2027 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा की। उन्होंने साफ किया कि बसपा अब छोटे-बड़े चुनाव अपने दम पर लड़ेगी। पार्टी ने कांशीराम की पुण्यतिथि 9 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश में प्रदेश स्तर और दूसरे राज्यों में जोन स्तर पर कार्यक्रम कराने की तैयारी भी शुरू कर दी है।
बसपा के मुताबिक, 30 से ज्यादा विधानसभा सीटों पर प्रभारी घोषित किए जा चुके हैं। 50 से ज्यादा नामों को शॉर्टलिस्ट किए जाने की बात भी सामने आई है। यानी आकाश आनंद के कद पर फैसला बदलने के साथ पार्टी ने 2027 के चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।
मायावती ने बैठक में कांग्रेस के दलित और आंबेडकर विरोधी इतिहास पर भी हमला बोला। आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के हालिया बयान पर उन्होंने कहा कि कथनी और करनी के बीच फर्क को लेकर आरएसएस पर लोगों के सवाल हैं। उन्होंने एससी, एसटी, ओबीसी अधिकार, आरक्षण, महिलाओं और धार्मिक अल्पसंख्यकों की सुरक्षा जैसे मुद्दे भी उठाए।
मायावती ने बढ़ती महंगाई और प्राकृतिक आपदाओं के बीच जेन-जी और जेन-अल्फा की परेशानियों पर भी सरकारों से ध्यान देने को कहा। कुल मिलाकर आकाश आनंद की कहानी अभी खत्म नहीं हुई है। मायावती ने उन्हें पहले उत्तराधिकारी बनाया, फिर हटाया, वापस लाईं, पार्टी से निकाला, माफ किया और दोबारा बड़ी जिम्मेदारी दी। अब फिर पद छिन गया है। सवाल यही है कि क्या यह आकाश के राजनीतिक सफर में एक और अस्थायी ब्रेक है या मायावती ने बसपा की अगली पीढ़ी को लेकर अपना रास्ता बदलना शुरू कर दिया है।


Click it and Unblock the Notifications
