क्या है अखिलेश यादव का संकल्प? राम मंदिर पर ध्वजारोहण होते ही जो सपा प्रमुख को आया याद
Ram Mandir Dhwajarohan 2025: अयोध्या का भव्य राम जन्म भूमि मंदिर अब पूर्ण रूप से बनकर तैयार हो गया है। ृ 25 नवंबर को, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राम जन्मभूमि मंदिर के शिखर पर भगवा विजय ध्वज फहराया। यह ध्वज सिर्फ भगवान राम के प्रति भक्तों की अटूट आस्था का प्रतीक नहीं है, बल्कि भारतीय आध्यात्मिकता, इतिहास और अयोध्या की महान सूर्यवंश तथा रघुकुल परंपराओं का भी साक्षी है।
समाजवादी पार्टी (सपा) अध्यक्ष अखिलेश यादव, जिन्होंने अभी तक राम मंदिर के दर्शन नहीं किए हैं, उन्हें अयोध्या के राम मंदिर में ध्वजारोहण समारोह के बीच अपना एक संकल्प याद आ गया है। सपा मुखिया अखिलेश यादव ने एक 25 नवंबर 2025 को इससे संबंधित पोस्ट सोशल मीडिया पर शेयर की है, जिसने राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा कर दी है।

बता दें अयोध्या में राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य पर अखिलेश यादव के साथ सभी सपा विधायकों को आमंत्रित किया गया था लेकिन उन्होंने इससे दूरी बनाए रखी, जिसके बाद से भाजपा नेता लगातार अखिलेश यादव पर राम मंदिर दर्शन के लिए न जाने को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मंगलवार को राम मंदिर के मुख्य शिखर पर धर्मध्वजा फहराए जाने के बाद यादव ने 'एक्स' पर एक पोस्ट साझा किया, जिसमें उन्होंने अपना एक 'संकल्प' पूरा करने की बात कही।
अखिलेश यादव ने क्या लिखा?
अखिलेश यादव ने अपने पोस्ट में इटावा में निर्माणाधीन श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर का जिक्र किया। उन्होंने लिखा, "पूर्णता ही पूर्णता की ओर ले जाती है। ईश्वरीय प्रेरणा से इटावा में निर्माणाधीन 'श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर' के पूर्ण होने पर अन्य मंदिरों के दर्शन का संकल्प भी पूर्ण करेंगे।"
अखिलेश याद ने आगे कहा, "आस्था जीवन को सकारात्मकता और सद्भाव से भरने वाली ऊर्जा का ही नाम है। दर्शन के लिए ईश्वरीय इच्छा ही मार्ग बनाती है, वही बुलाती है। सच तो ये है कि हम सब तो ईश्वर के बनाएं मार्ग पर बस चलकर जाते हैं। आस्थावान रहें, सकारात्मक रहें।"
अखिलेश यादव ने लिया था ये संकल्प
अखिलेश यादव ने पिछले दिनों एक साक्षात्कार में राम मंदिर दर्शन को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया था। उन्होंने कहा था कि अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण पूरा होने के बाद ही वे दर्शन करने जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया था कि इटावा में श्री केदारेश्वर महादेव मंदिर का निर्माण पूरा होने वाला है, और इसके पूर्ण होते ही वे परिवार सहित वहां दर्शन के लिए जाएंगे। इटावा सफारी पार्क के सामने यह केदारेश्वर महादेव मंदिर बन रहा है।












Click it and Unblock the Notifications