निकाय चुनाव के मतदान के दिन है शादी, छपवाया अनोखा कार्ड
सीतापुर। यूपी के सीतापुर शहर के साधारण व्यापारी पिता के बेटे सिद्धार्थ गुप्ता की शादी की तारीख और निकाय चुनाव के मतदान का दिन एक ही है। उन्होंने एक अनूठी पहल करते हुए अपने शादी के कार्ड पर मतदान करने को लेकर एक अपील भी छपवाई है जिसमें उन्होंने सभी से पहले मतदान करने, उसके बाद कोई दूसरा काम करने की अपील की है।

उन्होंने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित जिलाधिकारी डॉ. सारिका मोहन को भी अपनी शादी का न्योता भेजा है।
आपको बता दें कि सिद्धार्थ की शादी की तारीख 29 नवंबर पहले से तय थी। 28 अक्टूबर को जब निर्वाचन आयोग ने चुनाव की तारीख का ऐलान किया तो पता चला कि सीतापुर में 29 नवंबर को ही मतदान होना तय हुआ है। सिद्धार्थ के पिता राजेश गुप्ता को जब पता चला कि जिस दिन शादी है, उसी दिन मतदान भी होना है तो उन्होंने इसे अपने लिए एक अच्छा संयोग माना। साथ ही सकारात्मक सोच के तहत तय किया कि शादी के कार्ड के माध्यम से रिश्तेदारों व शुभचिंतकों को मतदान के लिए प्रोत्साहित करेंगे।

उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों से राय-मशविरा लेकर निमंत्रण पत्र में तत्काल बदलाव कराया। जिसे वह अब वितरित भी कर रहे हैं। उन्होंने निमंत्रण पत्र पर स्लोगन छपवाया है कि 'मतदान दिवस 29 नवंबर 2017 को सारे काम छोड़ दो, सबसे पहले वोट दो।' यह अपील सिद्धार्थ और उनकी होने वाली पत्नी आकांक्षा की तरफ से की गई है। कार्ड पर सबसे नीचे लिखवाया गया है कि 'मतदान न केवल आप का हक है, जिम्मेदारी भी है।' सिद्धार्थ के पिता राजेश गुप्ता ने बताया कि निमंत्रण पत्र पर स्लोगन के बारे में वधू पक्ष के लोगों से राय ली गई तो वे भी बहुत प्रभावित हुए। खासकर वधू- आकांक्षा। खास बात ये है कि सिद्धार्थ का विवाह लखीमपुर जिले के गोला गोकर्णनाथ निवासी सर्वेश गुप्ता की बेटी आकांक्षा से होना तय हुआ है। वहां भी उसी दिन मतदान होना है।

राजेश ने बताया कि वधु पक्ष के लोग सीतापुर ही आएंगे, यहीं पर वैवाहिक कार्यक्रम संपन्न होंगे। वधू पक्ष के सभी लोगों ने संकल्प लिया है कि वोट डालने के बाद ही सीतापुर के लिए रवाना होंगे। इसी तरह सीतापुर में भी मतदान करने पर जोर दिया जा रहा है ताकि लोकतंत्र को मजबूती मिल सके।
पिता सिद्धार्थ गुप्ता द्वारा निकाय चुनाव के मद्देनजर शादी के कार्ड पर मतदान को लेकर की गयी अपील चर्चा का विषय बनी हुई है। सिद्धार्थ के द्वारा जितने भी कार्ड बांटे जा रहे है सभी लोग इस अनूठी पहल के लिए उसे बधाई दे रहे है। यह सचमुच एक सराहनीय कार्य है।












Click it and Unblock the Notifications