Weather Update: बर्फीली हवाएं बढ़ा रही हैं ठंड, कानपुर की रात रही सबसे ठंडी, इतने जिलों में कोल्ड डे का अलर्ट
Weather update: उत्तर प्रदेश में इस समय कड़ाके की ठंड पड़ रही है। वाराणसी के ग्रामीण क्षेत्रों में घने कोहरे के चलते शुक्रवार सुबह 9 बजे तक विजिबिलिटी 50 मीटर से भी कम रही। विजिबिलिटी कम होने से यातायात सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं।
Recommended Video
इसके अलावा कानपुर में गुरुवार रात मौसम काफी सर्द रहा। कानपुर में 2 जनवरी की रात सबसे सर्द रही। उसके बाद बिजनौर और आसपास के जिलों में भी मौसम काफी सर्द रहा है। बर्फीली हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है।

शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के 30 जनपदों में सुबह से ही घना कोहरा छाया है। कई ट्रेनें 6 से 7 घंटे विलंबित है, इसी तरह विजिबिलिटी कम होने के चलते वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर विमान भी विलंबित हैं।
दृश्यता 50 मीटर से भी कम
वाराणसी एयरपोर्ट पर सुबह में बेंगलुरु और हैदराबाद से आने वाले आकासा एयर के दोनों विमानों को बेंगलुरु और हैदराबाद में ही रोक कर रखा गया है। वाराणसी में मौसम सामान्य होने के बाद विमान हैदराबाद और बेंगलुरु से वाराणसी के लिए उड़ान भरेंगे।
वाराणसी एयरपोर्ट पर मौसम विभाग के अधिकारियों का कहना है कि गुरुवार देर रात से ही घना कोहरा छाया हुआ है। शुक्रवार सुबह 9:00 बजे तक विजिबिलिटी 50 मीटर दर्ज की गई। साथ ही बताया गया कि कभी विजिबिलिटी कम हो रही है तो कभी 50 से 80 और 100 मीटर के बीच रह रही है।
आईएमडी द्वारा जारी आंकड़ों पर यदि नजर डालें तो पता चलता है कि 3 और 4 जनवरी को उत्तर प्रदेश के किसी भी जनपद में घने कोहरे या बरसात का अलर्ट नहीं जारी किया गया है। किसी भी जनपद में बरसात या कोहरे की चेतावनी नहीं है।
हालांकि मौसम वैज्ञानिकों का कहना है पछुआ हवा चलने के चलते ठंड बढ़ गई है। पश्चिमी विक्षोभ फिर सक्रिय होता नजर आ रहा है। यदि सक्रिय हुआ तो उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में कड़ाके की ठंड पड़ेगी। फिलहाल आगामी एक-दो दिन तक ठंड से राहत नहीं मिलने वाली है।












Click it and Unblock the Notifications