Weather Alert UP: मौसम ने ली करवट, कई जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट जारी
Weather Alert UP: उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मई का महीना जहां आमतौर पर तपती गर्मी के लिए जाना जाता है, वहीं इस बार बारिश ने लोगों को हैरान कर दिया है। प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार को तेज गर्जना, बिजली कड़कने और ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है।
प्रदेश में अचानक बढ़ी नमी और बदलती हवाओं की दिशा से मौसम में ठंडक घुल गई है। मौसम विभाग के अनुसार, यह सिलसिला कुछ दिनों तक यूं ही बना रह सकता है। खासकर पूर्वी और पश्चिमी यूपी में मौसम का यह बदला मिजाज साफ तौर पर देखने को मिलेगा।

मौसम विभाग ने ताजा अपडेट में यह भी बताया है कि 4 जून तक कई जिलों में रुक-रुक कर बारिश होती रहेगी। इस दौरान तेज हवाएं और आंधी के साथ बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। लोगों को सतर्क रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।
पूर्व से पश्चिम तक बारिश की संभावना
मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट के अनुसार शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। अपडेट में कहीं-कहीं तेज आंधी और ओलावृष्टि भी हो सकती है, बारिश, धूप और ओलावृष्टि के चलते परेशानियां बढ़ेंगी।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि तेज हवाएं 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती हैं। ग्रामीण इलाकों में खेतों में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचने का खतरा बना हुआ है। इसलिए किसानों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।
कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट
गुरुवार को दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई क्षेत्रों में हुई बारिश ने गर्मी से राहत दिलाई। तापमान में लगभग 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। मौसम ठंडा और सुहाना हो गया है।
हालांकि, आने वाले दिनों में तापमान में बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा। लेकिन बारिश की वजह से उमस और लू जैसी स्थिति से जरूर राहत मिल सकती है।
अपडेट के अनुसार सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, शाहजहांपुर, सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, जौनपुर, गाजीपुर, वाराणसी, चंदौली में जोरदार बारिश की संभावना है। इन इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
इसके अलावा मेरठ, बागपत, गाजियाबाद, हापुड़, नोएडा, अलीगढ़, मथुरा, बुलंदशहर, एटा, कासगंज, उन्नाव, लखनऊ, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।
इसी तरह मथुरा, आगरा, इटावा, जालौन, झांसी, महोबा, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच और श्रावस्ती जैसे क्षेत्रों में भी मौसम विभाग ने आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है।
गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महाराजगंज, बस्ती, संत कबीर नगर, सिद्धार्थनगर, अयोध्या और बलरामपुर में भी मौसम का असर दिखेगा। इन क्षेत्रों में अगले कुछ दिन सावधानी बरतने की जरुरत है। 1 जून से बारिश की तीव्रता में कुछ कमी आने की संभावना है, लेकिन 4 जून तक मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।












Click it and Unblock the Notifications