शादी से इंकार पर, तीन भाईयों ने मिलकर जलाया किशोरी का जिस्म
हाथरस। उत्तर प्रदेश के हाथरस जनपद में दिवाली के दिन एक किशोरी को गांव के ही तीन सगे भाइयों ने नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया और जब उसे होश आया तो उसे जबरन ले जाने का प्रयास किया। आरोपियों ने किशोरी के जिस्म के कई हिस्सों को जलाया और मारपीट भी की। जैसे-तैसे तीनों के चंगुल से बचकर आई किशोरी ने परिजनों को पूरी दास्तां बताई। परिजनों की तहरीर पर पुलिस मामले की विवेचना कर रही है। थाना हाथरस गेट क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी गुरुवार को दिवाली के दिन जब पूजा करने के लिए मंदिर जा रही थी तो उसे गांव के ही एक युवक ने इशारे से बुलाया। इस युवक ने उससे कहा कि वह उसके साथ भाग चले। इस पर इस किशोरी ने इनकार कर दिया तो युवक वहां से चला गया।

आरोप है कि रात में जब किशोरी शौच को गई तो आरोपी युवक ने अपने दो अन्य भाइयों के सहयोग से उसे नशीला पदार्थ सुंघाकर बेहोश कर दिया। उसके बाद ये लोग उसे वहां से ले गए। सुबह जब किशोरी को होश आया तो उसने खुद को एक नलकूप पर पाया। इस दौरान इन तीनों ने उससे अपने साथ चलने को कहा।
किशोरी ने जब इसका कड़ा विरोध किया तो आरोप है कि इन तीनों ने उसकी पिटाई की और जलाया। जैसे-तैसे वह इनसे बचकर भाग आई। उसने परिजनों को पूरी घटना से अवगत कराया। परिजन उसे थाने लेकर आए। पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया है और उसका डॉक्टरी परीक्षण कराया है। किशोरी का हाथ झुलसा हुआ था। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।












Click it and Unblock the Notifications